सौतेले पिता ने 10 साल के बच्चे की गला घोंटकर की हत्या, भागते समय ग्रामीणों ने पकड़ा और जमकर पीटा


हुलासगंज (जहानाबाद)
जिले के हुलासगंज थाना क्षेत्र के कसियावां गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक सौतेले पिता ने अपने 10 वर्षीय मासूम बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़ लिया और जमकर पिटाई कर दी।
मृतक बच्चे की पहचान राकेश कुमार के रूप में हुई है। वहीं आरोपी सौतेले पिता का नाम हनुमान चौधरी है, जो उत्तर प्रदेश के गोरखपुर का निवासी और दिव्यांग बताया जा रहा है। घटना के बाद वह साइकिल से भागने की फिराक में था, लेकिन ग्रामीणों ने उसे एकंगर सराय के पास पकड़ लिया और बुरी तरह पीट दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल में भर्ती कराया।
ऐसे रची गई हत्या की कहानी
जानकारी के अनुसार, मृतक राकेश की मां गांवों देवी की पहली शादी नूरसराय निवासी शत्रुघ्न मांझी से 2014 में हुई थी। इस शादी से पांच बच्चे हुए। बाद में वह अपने पति को छोड़कर दो बच्चों राकेश और रीता को लेकर गोरखपुर चली गई और दिव्यांग हनुमान चौधरी से दूसरी शादी कर ली।
लेकिन कुछ समय बाद गांवों देवी ने हनुमान को भी छोड़ दिया और उसके भाई करन चौधरी के साथ चेन्नई चली गई। राकेश और रीता को नानी लखिया देवी के पास कसियावां गांव में छोड़ दिया। हनुमान चौधरी समय-समय पर बच्चों से मिलने आता रहता था।
घटना वाली रात नानी रिश्तेदार के यहां गई हुई थी। बेटी रीता पड़ोसी के घर सो रही थी और राकेश घर में अकेला था। इसी दौरान हनुमान ने राकेश का गला घोंटकर हत्या कर दी।
सुबह भागते समय ग्रामीणों ने दबोचा
सुबह आरोपी साइकिल से फरार होने की कोशिश कर रहा था। ग्रामीणों को शक हुआ तो पीछा कर एकंगरसराय में उसे पकड़ लिया और गांव लाकर जमकर पीटा। सूचना पाकर पहुंची हुलासगंज पुलिस ने आरोपी को भीड़ से छुड़ाया और इलाज के लिए हुलासगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहीं, बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
नानी की तहरीर पर केस दर्ज
मृतक की नानी लखिया देवी के बयान पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हुलासगंज थाना अध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि, “एक व्यक्ति ने अपने सौतेले बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी है। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का इलाज चल रहा है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।”
इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
