देशबिहारराज्यलोकल न्यूज़

बाल वैज्ञानिकों की नर्सरी बना मानस इंटरनेशनल


सड़क सुरक्षा पर छात्रा का नवाचार, जिला विज्ञान प्रदर्शनी में प्रथम स्थान


जहानाबाद



जिला स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी में मानस इंटरनेशनल रेजिडेंशियल स्कूल ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता और वैज्ञानिक सोच का परचम लहराया। विद्यालय की प्रतिभाशाली छात्रा दर्शन भारद्वाज ने “सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम” विषय पर आधारित अपने नवाचारपूर्ण विज्ञान मॉडल से निर्णायक मंडल और विषय विशेषज्ञों को गहराई से प्रभावित किया।

दर्शन द्वारा प्रस्तुत मॉडल सड़क दुर्घटनाओं को कम करने, यातायात सुरक्षा को मजबूत करने और जन-जीवन की रक्षा में व्यावहारिक रूप से उपयोगी सिद्ध हो सकता है। मॉडल की वैज्ञानिक दृष्टि, सामाजिक सरोकार और व्यावहारिक उपयोगिता को देखते हुए विशेषज्ञों ने इसकी विशेष सराहना की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर दर्शन भारद्वाज को “इमर्जिंग मॉडल” श्रेणी में प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जिससे न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले का नाम गौरवान्वित हुआ।

इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में मानस इंटरनेशनल रेजिडेंशियल स्कूल परिसर में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय परिवार ने छात्रा का उत्साहवर्धन करते हुए इस सफलता को संस्थान की सामूहिक उपलब्धि के रूप में सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए मानस इंटरनेशनल एजुकेशनल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. अरुण कुमार सिन्हा ने कहा कि मानस इंटरनेशनल में बच्चों में प्रारंभ से ही जिज्ञासा, तर्कशीलता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित किया जाता है। विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को समाज की वास्तविक समस्याओं से जोड़कर उनके वैज्ञानिक समाधान खोजने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा जैसी गंभीर समस्या पर आधारित यह मॉडल इस बात का प्रमाण है कि मानस इंटरनेशनल के बच्चों में बाल वैज्ञानिक बनने के सभी आवश्यक गुण मौजूद हैं।

वहीं, निदेशक निशांत रंजन ने कहा कि विद्यालय लगातार नवाचार, अनुसंधान और प्रयोगात्मक शिक्षा को बढ़ावा दे रहा है। दर्शन भारद्वाज की यह सफलता शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन, निरंतर अभ्यास और विद्यार्थियों की जिज्ञासु प्रवृत्ति का प्रतिफल है। यह उपलब्धि निश्चित रूप से अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय परिसर में गर्व, उत्साह और प्रेरणा का वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम में संजीव कुमार, मनीष कुमार, प्रियंका कुमारी, अरविंद कुमार और रोशन कुमार सहित विद्यालय के शिक्षकगण उपस्थित रहे।
इस उपलब्धि ने विद्यार्थियों में विज्ञान, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!