विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर जहानाबाद में मतदाता हस्ताक्षर अभियान का आयोजन

जहानाबाद
आगामी विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में निरंतर मतदाता जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में आज दिनांक 03 अक्टूबर 2025 को जिला समाहरणालय परिसर, जहानाबाद में मतदाता हस्ताक्षर अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित सभी कर्मियों, अधिकारियों एवं जीविका दीदियों को अपने मताधिकार के महत्व के बारे में जागरूक किया और लोकतंत्र को सशक्त बनाने हेतु सभी को आगामी विधानसभा चुनाव में मतदान करने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त डॉ प्रीति,अपर समाहर्ता (राजस्व) श्री अनिल कुमार सिंह, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) श्री विनय कुमार सिंह, वरीय नोडल पदाधिकारी स्वीप कोषांग श्री राजीव कुमार, जिला स्वीप आइकॉन अमित कुमार, सभी कार्यालय प्रधान, कर्मीगण एवं जीविका दीदियाँ उपस्थित थीं।
जीविका दीदियों ने अपने वक्तव्य में कहा कि वे न केवल स्वयं मतदान करेंगी बल्कि गाँव-गाँव जाकर महिलाओं एवं युवाओं को भी मतदान के लिए जागरूक करेंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जहानाबाद जिले में मतदान प्रतिशत बढ़ाने में उनकी अहम भूमिका रहेगी।

