देशबिहारराज्यलोकल न्यूज़

जहानाबाद में मनाया गया श्रम अधिकार दिवस


जहानाबाद
श्रम संसाधन विभाग, बिहार के तत्वावधान में दिनांक 23 सितम्बर, 2025 को संयुक्त श्रम भवन, जहानाबाद के सभागार में “श्रम अधिकार दिवस” का आयोजन किया गया। इस एक दिवसीय ग्रामीण प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला में जिले के प्रत्येक पंचायत से आए श्रमिकों ने भाग लिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन श्रम अधीक्षक, जहानाबाद श्री मृत्युंजय कुमार झा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने उद्घाटन संबोधन में उन्होंने श्रम संसाधन विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं श्रम कानूनों की संक्षिप्त रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि विभाग द्वारा प्रत्येक सप्ताह चयनित पंचायतों में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही श्रमिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं उन्हें समयोचित सहायता उपलब्ध कराने की बात भी कही।

मोदनगंज प्रखण्ड के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी श्री रामबाबु कुमार ने बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण योजना पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निर्माण श्रमिकों को जन्म से लेकर मृत्यु तक विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया जाता है।

इसके अतिरिक्त श्रमिकों को बिहार राज्य प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान योजना तथा बिहार शताब्दी असंगठित कार्यक्षेत्र कामगार एवं शिल्पकार सामाजिक सुरक्षा योजना, 2011 (सह-संशोधित 2024) की जानकारी दी गई। श्रमिकों को अवगत कराया गया कि इन योजनाओं के अंतर्गत स्वाभाविक मृत्यु की स्थिति में मृतक के आश्रितों को ₹50,000/- (पचास हजार रुपये) तथा दुर्घटना से मृत्यु होने पर ₹2,00,000/- (दो लाख रुपये) की अनुदान राशि प्रदान की जाती है।

शिविर में सभी प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, श्रमिक संघ के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे। कार्यशाला का समापन श्रम अधीक्षक श्री मृत्युंजय कुमार झा द्वारा किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!