देशबिहारराज्यलोकल न्यूज़

बाल विद्या मंदिर (आवासीय), होरिलगंज में हिंदी दिवस पर हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता का भव्य आयोजन


जहानाबाद
         हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में बाल विद्या मंदिर (आवासीय), होरिलगंज में आज हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का वातावरण पूरी तरह हिंदीमय बना रहा। छात्रों ने उत्साह और जोश के साथ सहभागिता कर हिंदी भाषा के महत्व को प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात क्विज प्रतियोगिता और निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। छात्रों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। क्विज प्रतियोगिता में कक्षा 8 के छात्रों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में बच्चों ने सामाजिक, सांस्कृतिक और भाषाई विषयों पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन श्री अक्षय कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि “हिंदी हमारी आत्मा और हमारी अस्मिता की पहचान है। यह सिर्फ भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, सभ्यता और गौरव का प्रतीक है। हमें गर्व होना चाहिए कि हिंदी विश्व की प्रमुख भाषाओं में से एक है। विद्यार्थियों का यह प्रयास सराहनीय है कि वे प्रतियोगिताओं के माध्यम से अपनी मातृभाषा को और अधिक आत्मसात कर रहे हैं। हमें हिंदी को व्यवहारिक जीवन में अपनाकर ही इसके वास्तविक प्रचार-प्रसार को सुनिश्चित करना होगा।”
उन्होंने विजेता छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती कंचन माला कुमारी ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “हिंदी दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि हमारी भाषा को संजोने और आने वाली पीढ़ियों तक पहुँचाने का एक संकल्प है। छात्र-छात्राओं को चाहिए कि वे हिंदी का प्रयोग गर्व के साथ करें और इसके साहित्य एवं व्याकरण को आत्मसात कर अपनी अभिव्यक्ति को और प्रखर बनाएं।”
पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिवार और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी रही। अंत में विजयी छात्रों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के शिक्षकों द्वारा किया गया और अंत में धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!