बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण, क्षति का आकलन एवं त्वरित राहत उपाय हेतु निर्देश

जहानाबाद
जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडे के निर्देशानुसार अनुमंडल पदाधिकारी श्री राजीव रंजन सिन्हा के नेतृत्व में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के क्रम में घोषी प्रखंड के मेटरा, भारथु, मोकम विगहा एवं बिजलीपुर गांवों का जायजा लिया गया। मेटरा तथा मोकम विगहा गांवों की सड़क पूरी तरह बाधित हो गई है। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्रामीण कार्य विभाग को निर्देशित किया गया है कि न्यूनतम स्तर पर पैदल आवाजाही सुनिश्चित की जाए तथा शीघ्र ही सड़क को वाहनों के संचालन योग्य बनाया जाए।
ललसहिया पुल का एक पाया क्षतिग्रस्त हो चुका है। इस स्थिति को देखते हुए भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगाने तथा क्रैश बैरियर लगाने का निर्देश कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग को दिया गया है।
इसी प्रकार बंधुगंज-भारथु मार्ग पर कई स्थानों पर फ्लैंक क्षतिग्रस्त हो गया है। इन्हें चिन्हित कर स्पष्ट मार्किंग कराने के निर्देश दिए गए हैं ताकि दुर्घटना की संभावना को रोका जा सके।
मोदनगंज में भी बाढ़ के कारण सड़क संपर्क बाधित हो गया है। साथ ही पशुपालकों को भी भारी क्षति का सामना करना पड़ा है। इस संदर्भ में जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार 27 अगस्त 2025 को अनुमंडल पदाधिकारी एवं जिला पशुपालन पदाधिकारी की उपस्थिति में पशुपालकों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में पशुपालकों को राहत पहुँचाने हेतु ठोस निर्णय लिए जाएंगे।