पंजाब नेशनल बैंक के ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के द्वारा आयोजित हुआ एलुमिनी मीट

जहानाबाद 1 जुलाई
पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), जहानाबाद में दीप प्रज्वलन के साथ “एलुमिनी मीट” का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर संस्थान से प्रशिक्षित 20 सफल उद्यमियों ने भाग लिया तथा अपने उद्यमों से संबंधित अनुभव साझा किए। उद्यमियों ने बारी-बारी से अपना परिचय देते हुए अपने व्यवसाय की यात्रा, सफलता की कहानियाँ और सामने आई चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक श्री रवीन्द्र कुमार सिन्हा, नाबार्ड के डीडीएम श्री रजनीकांत कुमार सिंह, जीविका की जिला परियोजना प्रबंधक श्रीमती अनीता कुमारी, आरसेटी निदेशक श्री नागेश्वर कुमार एवं संस्थान के सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित थे। सभी पदाधिकारियों ने उद्यमियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उन्हें आवश्यकतानुसार भविष्य में ऋण सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। अंत में निदेशक आरसेटी द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया