घोसी के पूर्व विधायक राहुल कुमार ने बाढ़ पीड़ितों के लिए सरकार से की ठोस कदम उठाने की मांग

*प्रेस वार्ता में बोले – सरकार दे पीड़ितों को मुआवज़ा, किसानों का कर्ज़ हो माफ*
जहानाबाद
शहर के एक शालीमार होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में घोसी के पूर्व विधायक राहुल कुमार ने बाढ़ पीड़ितों की समस्याओं पर गंभीर चिंता जताते हुए सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि फल्गु और भूतही नदी में आई बाढ़ के कारण जेल क्षेत्र के दर्जनों गांव जलमग्न हो गए हैं, जिससे ग्रामीणों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है।
पूर्व विधायक ने कहा कि इस प्राकृतिक आपदा से किसानों की फसलें, मछली पालन और संपत्ति को गंभीर क्षति पहुंची है। उन्होंने कहा, “हम मीडिया के माध्यम से सरकार से अपील करते हैं कि प्रभावित परिवारों को जल्द मुआवज़ा दिया जाए और भविष्य में बाढ़ से बचाव के लिए ठोस रणनीति अपनाई जाए।”
मुख्यमंत्री से की मुलाकात, तटबंधों की मरम्मत की उठाई मांग
राहुल कुमार ने यह भी बताया कि उन्होंने हाल ही में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बाढ़ की स्थिति और ग्रामीणों की परेशानियों से उन्हें अवगत कराया है। उन्होंने सरकार को तटबंधों की खराब स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए मांग की कि उनकी शीघ्र मरम्मत कराई जाए, ताकि आगामी बारिश में और नुकसान न हो।
उन्होंने कहा, “अगर तटबंधों की मरम्मत समय पर नहीं हुई, तो स्थिति और भयावह हो सकती है। इससे किसानों की फसल और जीवन दोनों संकट में आ सकते हैं।”
गोपाल शर्मा ने उठाई शकूराबाद की समस्या, पुल की ऊंचाई बढ़ाने की मांग
प्रेस वार्ता में मौजूद पूर्व जदयू जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा ने भी शकूराबाद और मोहर नदी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि शकूराबाद से जहानाबाद को जोड़ने वाला पुल काफी नीचा है, जिससे हल्की बारिश में ही पुल पर जलजमाव हो जाता है और आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है।
गोपाल शर्मा ने कहा, “यह पुल इस क्षेत्र का एकमात्र संपर्क मार्ग है। जलनिकासी की सही व्यवस्था न होने के कारण पूरे बाजार और आसपास के गांवों में पानी भर जाता है, जिससे आमजन और किसानों दोनों को भारी परेशानी होती है।” उन्होंने प्रशासन से पुल की ऊंचाई बढ़ाने और निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।

