समाहरणालय सभाकक्ष में उधोग एवम बैंकर्स का संयुक्त समीक्षात्मक बैठक आयोजित

जहानाबाद
आज दिनांक 30 जून 2025 को समाहरणालय सभा कक्ष में उद्योग एवं बैंकर्स की संयुक्त समीक्षात्मक बैठक का आयोजन उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम (PMFME) योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक के प्रारंभ में परियोजना प्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र, जहानाबाद द्वारा वर्ष 2024-25 के अंतर्गत प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के क्रियान्वयन की जानकारी दी गई। बताया गया कि लक्ष्य 90 के विरुद्ध 90 लाभार्थियों के ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिनमें से 77 को ऋण का वितरण भी हो चुका है।
वहीं प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 में अब तक 14 लाभार्थियों के ऋण स्वीकृत किए गए हैं तथा 6 लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया है।
उप विकास आयुक्त महोदय ने निर्देश दिया कि शेष लाभार्थियों को शीघ्र ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए।
उप विकास आयुक्त महोदय ने बैठक के दौरान PMFME योजना की धीमी प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित बैंकों को शीघ्र आवश्यक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया। विशेष रूप से दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक की प्रगति पर असंतोष जताया गया। इस पर बैंक के DCO द्वारा बताया गया कि दक्षिण बिहार ग्रामीण बैंक एवं उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक के मर्जर के कारण तकनीकी जटिलताएं उत्पन्न हो रही हैं, जिससे कार्य में अपेक्षित गति नहीं आ पा रही है।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त महोदय द्वारा PMFME योजना के अंतर्गत दो लाभुकों को ₹25 लाख का ऋण स्वीकृति पत्र भी प्रदान किया गया।
बैठक में विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, अग्रणी बैंक प्रबंधक, बैंकिंग कार्मिक, जिला उद्योग केंद्र के प्रतिनिधि, लाभुकगण एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।


