पंडुई गांव में बंद घर को बनाया निशाना, चोरों ने उड़ाई 10-12 लाख की संपत्ति


जहानाबाद
जिले के परसबिगहा थाना क्षेत्र अंतर्गत पंडुई रामगढ़ गांव में बीती
रात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने लगभग 10 से 12 लाख रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिस घर में चोरी हुई उसमें एक बुजुर्ग महिला अकेली रहती थीं। फिलहाल वह अपने बेटे के घर बभना, जहानाबाद में एक पूजा कार्यक्रम में शामिल होने गई हुई थीं। इस दौरान घर बंद था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने चोरी की योजना को अंजाम दिया।
ग्रामीणों की मानें तो चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और घर के अंदर मौजूद अलमारी व बक्सों को तोड़कर जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। सुबह चोरी की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही परसबिगहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की है।