नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजन कर रहे करंट से मौत का दावा

मखदुमपुर (जहानाबाद)
जिले के मखदुमपुर थाना क्षेत्र के धाव ककरिया गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई। मृतका की पहचान अंशु कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी महज दो महीने पहले ही हुई थी।
परिजनों का दावा है कि अंशु कुमारी की मौत पंखे में करंट आने की वजह से हुई। उनके अनुसार, बिजली प्रवाहित पंखे की चपेट में आने से अंशु की जान चली गई। हालांकि घटना के समय किसी ने यह प्रत्यक्ष रूप से नहीं देखा कि वह करंट की चपेट में कैसे और कब आई।
इधर स्थानीय डॉक्टरों ने प्रथम दृष्टया मौत की वजह पर संदेह जताया है। डॉक्टरों का कहना है कि मृत्यु के कारण कुछ और प्रतीत होते हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए।
घटना के संबंध में अंशु के पति विक्रम कुमार से पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह हादसा है या किसी गहरी साजिश का हिस्सा।
फिलहाल मखदुमपुर थाना पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।