लोकतंत्र की मजबूती हेतु पारदर्शी निर्वाचन एवं मतदाता जागरूकता पर विशेष बल



जहानाबाद
आज समाहरणालय, जहानाबाद स्थित सभा कक्ष में आगामी बिहार विधान सभा आम निर्वाचन, 2025 के सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी आयोजन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय के निर्देशानुसार एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जहानाबाद जिला के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय व राज्यस्तरीय राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पूनम कुमारी द्वारा उपस्थित सभी राजनीतिक दलों को निर्वाचन से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि लोकतंत्र की नींव मतदाता है और पारदर्शिता ही इसकी सबसे बड़ी शक्ति है। इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं राजनैतिक दलों से अपेक्षा है कि वे निर्वाचन प्रक्रिया को स्वच्छ, समावेशी एवं त्रुटिरहित बनाने में प्रशासन को सक्रिय सहयोग प्रदान करें।
उन्होंने जानकारी दी कि निर्वाचक सूची के अद्यतन स्थिति अनुसार जिले में कुल निर्वाचकों की संख्या 8,32,270 है, जिनमें पुरुष – 4,37,844, महिला – 3,94,405 एवं थर्ड जेंडर – 21 हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि लिंगानुपात 922 के अनुरूप निर्वाचन सूची में भी संतुलन सुनिश्चित किया जाए और 18-19 वर्ष आयु वर्ग के युवा एवं महिलाओं का पंजीकरण विशेष प्राथमिकता पर किया जाए।
आज की इस बैठक में अपर समाहर्ता श्री ब्रजेश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री राजीव रंजन सिन्हा, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पूनम कुमारी, नोडल पदाधिकारी स्वीप कोषांग श्रीमती शिल्पी आनंद, सहायक नोडल पदाधिकारी श्री अमित कुमार, अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री राहुल कुमार,
भारतीय जनता दल पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष श्री जय प्रकाश केशरी, जनता दल (यूनाइटेड) के जिला अध्यक्ष श्री दिलीप कुशवाहा, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सिस्ट) के जिला सचिव /मंडल सदस्य श्री राम प्रसाद पासवान, लोक जनशक्ति पार्टी के उपाध्यक्ष श्री सच्चिदानंद शर्मा, राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष श्री महेश ठाकुर, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सिस्ट लेनिनिस्ट) (लिबरेशन) के प्रखंड अध्यक्ष मो. हसैन उपस्थित थे।
