जहानाबाद जिले के सभी 07 प्रखंडों में स्थित 14 ग्राम संगठनों में “महिला संवाद” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

जहानाबाद
इस कार्यक्रम में महिलाओं ने एक ओर सरकार की वर्तमान योजनाओं से लाभान्वित होने के अनुभव साझा किए, वहीं दूसरी ओर अपने गाँव और परिवार से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर चर्चा करते हुए अपनी अपेक्षाएँ भी सामने रखीं।
महिलाओं ने बताया कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के कारण उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। जीविका द्वारा संचालित ग्राम संगठनों में यह संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत प्रथम पाली (सुबह) में 07 ग्राम संगठनों तथा द्वितीय पाली (शाम) में अन्य 07 ग्राम संगठनों में संवाद का आयोजन हुआ।
इस आयोजन में जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों के अलावा गैर-संलग्न महिलाएं भी शामिल हुईं। विशेष बात यह रही कि गाँव की समस्त महिलाओं ने सहभागिता कर समाज, गाँव और राज्य के विकास पर खुलकर विचार साझा किए।
महिला संवाद से प्राप्त सुझावों और आकांक्षाओं को मोबाइल एप के माध्यम से संकलित किया जा रहा है, ताकि राज्य स्तर पर नीति निर्धारण और योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन में इनका उपयोग हो सके।
उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु संचालित योजनाओं के प्रभाव, ग्रामीण क्षेत्रों में आए बदलाव, एवं महिलाओं की आकांक्षाओं को योजनाओं में समाहित करने के उद्देश्य से यह महिला संवाद कार्यक्रम सभी जीविका ग्राम संगठन स्तर पर 18 अप्रैल 2025 से प्रारंभ किया गया है, जो 16 जून 2025 तक चलेगा।
जहानाबाद जिले में कुल 924 ग्राम संगठनों में यह संवाद आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम संगठन में निर्धारित तिथि के अनुसार महिला संवाद होगा।
संवाद के दौरान वीडियो फिल्में प्रदर्शित की जा रही हैं तथा विभिन्न विषयों पर चर्चा कर महिलाओं के मंतव्य भी संकलित किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक, सभी प्रखंडों के प्रखंड परियोजना प्रबंधक, तथा जीविका कर्मियों की सक्रिय उपस्थिति रही और सभी ने कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
