फुटपाथ दुकानदारों का फूटा गुस्सा, जिला परिषद के खिलाफ पुतला दहन कर जताया विरोध

जहानाबाद
जहानाबाद फुटपाथ दुकानदारों के अधिकारों की आवाज अब बुलंद होती जा रही है। नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया के बैनर तले फुटपाथ दुकानदार संघ जिला परिषद के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी का पुतला दहन किया। यह प्रदर्शन जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा के नेतृत्व में काको मोड़ स्थित उठा-सब्जी मंडी में किया गया।
इस विरोध में पांच प्रमुख मार्केट कमेटियों के अध्यक्ष और कार्यकारी सदस्य शामिल हुए और मनमानी चुंगी वसूली, ठेकेदारों की दबंगई और जिला परिषद की निष्क्रियता पर तीखा विरोध जताया। जहानाबाद जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा ने आरोप लगाया कि फुटपाथ दुकानदारों से ₹40 से ₹50 की अवैध वसूली की जा रही है। उन्होंने बताया कि ठेकेदार और जिला परिषद के कर्मचारी मिलकर गुंडागर्दी के बल पर जबरन चुंगी वसूल रहे हैं। विरोध करने पर दुकानदारों को गालियां दी जाती हैं और धमकी दी जाती है। मीट-मुर्गा-मछली मंडी के अध्यक्ष राजेश पंडित ने बताया कि जब उन्होंने अवैध वसूली से इंकार किया, तो उन्हें दुकान में आग लगाने और उजाड़ने की धमकी मिली। वहीं उठा-सब्जी मंडी के दुकानदारों ने कहा कि उनके क्षेत्र में न तो पेयजल, न शौचालय, न ही धूप-बरसात से बचने की व्यवस्था है, इसके बावजूद उनसे जबरन वसूली की जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार खुलेआम कहते हैं:
“जहां जाना है जाओ, सांसद-विधायक को बुलाओ, हमसे कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”
इससे जाहिर होता है कि जिला परिषद द्वारा ठेका मनमाने ढंग से और मिलीभगत के तहत दिया गया है।
संघ की प्रमुख मांगें:
फुटकर विक्रेता अधिनियम के तहत वेंडिंग जोन की व्यवस्था
अवैध चुंगी वसूली पर रोक
बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता
दोषी ठेकेदारों और कर्मचारियों पर तत्काल कार्रवाई। संघ के पदाधिकारी संजय कुमार साहू ने कहा कि यह प्रशासनिक जंगलराज का उदाहरण है। पहले दुकानदारों को सूचित किया जाता था, अब बिना किसी सूचना के वसूली का अधिकार दबंगों को दे दिया गया है। फुटपाथ दुकानदार संघ ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की, तो और भी बड़ा आंदोलन किया जाएगा और सोई हुई जिला प्रशासन को जगाने का काम होगा।
