जहानाबाद में बिहार का पहला फिल्म सिटी तैयार, 6 फिल्मों की शूटिंग पूरी – ‘कन्या धन’ की शूटिंग जारी

जहानाबाद जिले के काको प्रखंड अंतर्गत पाली गांव में बिहार का पहला फिल्म सिटी बनकर तैयार हो गया है। इस फिल्म सिटी की स्थापना फिल्म निर्माता हैदर अली द्वारा की गई है, जो स्वयं इसी गांव के निवासी हैं। अब तक यहां छह फिल्मों की शूटिंग पूरी हो चुकी है। वर्तमान में ‘कन्या धन’ नामक सामाजिक-पारिवारिक फिल्म की शूटिंग जोर-शोर से चल रही है, जिसमें प्रसिद्ध कलाकार अखिलेश जैन और धीरज पंडित जैसे चेहरे शामिल हैं। राज्य के लघु सिंचाई मंत्री संतोष कुमार सुमन ने हाल ही में फिल्म सिटी का दौरा किया और निर्माता हैदर अली के प्रयासों की सराहना की। मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार फिल्म सिटी को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी देने पर विचार कर रही है और इसके लिए जल्द ही एक ठोस कार्य योजना तैयार की जाएगी। हैदर अली ने बताया कि उनका उद्देश्य अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों का विकास करना है। उन्होंने यहां एक कला विद्यालय निर्माण की भी योजना बनाई है, जिससे कला में रुचि रखने वाले युवाओं को प्रशिक्षण मिल सकेगा। फिल्म सिटी के माध्यम से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, होटल और पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा, और इससे क्षेत्र की आर्थिक स्थिति को मजबूती मिलेगी। मुंबई से आए कलाकारों ने जहानाबाद की सुंदरता और शांत वातावरण की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीवी और मीडिया के जरिए जो छवि बिहार की बनती रही है, वह वास्तविकता से बिल्कुल अलग है। कलाकारों ने बताया कि पटना से जहानाबाद आने-जाने में महज डेढ़ घंटे का समय लगता है, और यह सफर काफी आरामदायक होता है।
कलाकारों ने वर्तमान सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि बिहार अब विकास और सुशासन की राह पर है। उन्होंने यह भी कहा कि हैदर अली ने इस फिल्म सिटी के माध्यम से न केवल जहानाबाद, बल्कि पूरे बिहार को एक नई पहचान दी है। पाली गांव की यह फिल्म सिटी अब पूरे राज्य के लिए एक नई उम्मीद और पहचान बन चुकी है।
