मानस इंटरनेशनल से फैल रहा है ज्ञान का प्रकाश,शिक्षकों को इनोवेटिव होने की जरूरत – निशांत

जहानाबाद
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता स्थापित करने के संकल्प के साथ, जिला मुख्यालय स्थित मानस इंटरनेशनल एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा संचालित सभी स्कूलों में ग्रेडिंग आधारित टर्म 2 परीक्षाफल प्रकाशन एवं शिक्षक-अभिभावक मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के चेयरमैन डॉ. अरुण कुमार सिन्हा ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि बिहार सदियों से बौद्धिक क्रांति का केंद्र रहा है और यह ज्ञान की परंपरा आज भी कायम है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि केवल कैरियर निर्माण ही शिक्षा का उद्देश्य नहीं होना चाहिए, बल्कि शिक्षा के माध्यम से नैतिक मूल्यों का विकास भी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि मानस इंटरनेशनल एजुकेशन फाउंडेशन इसी सोच को लेकर आगे बढ़ रहा है, जहाँ पाठ्यक्रम के साथ-साथ संस्कार आधारित शिक्षा पर भी ध्यान दिया जाता है। यही कारण है कि यह संस्थान जिले में शिक्षा के क्षेत्र में एक नया आयाम स्थापित कर रहा है, जिसे अभिभावक भी सहर्ष स्वीकार कर रहे हैं।
इस अवसर पर स्कूल के निदेशक श्री निशांत रंजन ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कठोर परिश्रम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि असफलता से घबराने के बजाय उसे सीखने का अवसर मानना चाहिए।
कार्यक्रम में स्कूल के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार सिन्हा ने कहा कि परीक्षा परिणाम केवल अंकों का खेल नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों के समग्र विकास और उनके व्यक्तित्व निर्माण का दर्पण होता है। उन्होंने कहा कि सत्र 2025-26 से विद्यालय अपने छात्रों को आईआईटी एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोटा के विशेषज्ञों की सहायता से मार्गदर्शन प्रदान करेगा।
इस अवसर पर मानस इंटरनेशनल दक्षिणी, मखदुमपुर, हुलासगंज और जहानाबाद के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। समारोह के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया और उन्हें प्रशस्ति पत्र भेंट किए गए।
अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की और विद्यालय प्रबंधन को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में रणधीर कुमार, राकेश कुमार, राजीव कुमार, सुजीत कुमार, मनीष कुमार, निधि सिंह, श्याम नंदन शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
