शराब तस्करी का भंडाफोड़, पुलिस से बचने के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुई कार

जहानाबाद
जिले के शकूराबाद थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के दौरान शराब से भरी एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पुलिस वाहन जांच के दौरान मारुति ईको कार के चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन रुधुनाथगंज मोड़ के पास गाड़ी पलट गई।
दुर्घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि एक व्यक्ति कार के अंदर फंसा हुआ था। पुलिस बल ने उसे बाहर निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
500 लीटर से ज्यादा शराब बरामद
कार की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में शराब बरामद हुई, जिसमें शामिल हैं:
किंगफिशर बीयर (500 एमएल) – 958 केन
किंगफिशर बीयर (650 एमएल) – 8 बोतल
रॉयल चैलेंज (750 एमएल) – 7 बोतल
स्टर्लिंग रिजर्व बी-7 (750 एमएल) – 15 बोतल कुल मिलाकर 500.7 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। तस्कर गिरफ्तार, मोबाइल और कार जब्त। इस कार्रवाई में अभय कुमार नामक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी और एक मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है।
जहानाबाद सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह ने कहा कि शराबबंदी के बावजूद तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि इस मामले की गहराई से जांच की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस की मुस्तैदी से एक और शराब तस्करी की बड़ी खेप पकड़ी गई, जिससे यह साफ है कि प्रशासन की सख्ती के बावजूद तस्कर लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं।