के के पाठक ने लम्बित नीलाम वादों को लेकर किया समीक्षा बैठक


जहानाबाद
अध्यक्ष सह सदस्य ,राजस्व पर्षद ,बिहार श्री के.के. पाठक की अध्यक्षता में जहानाबाद जिले में दायर लम्बित नीलाम वादों की समीक्षा बैठक समाहरणालय के ग्राम प्लेक्स सभागार में की गई।
सर्वप्रथम जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय द्वारा अध्यक्ष सह सदस्य राजस्व पर्षद, बिहार ,श्री केके पाठक का तथा गया प्रमंडल के आयुक्त, श्री प्रेम सिंह मीणा का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया।
आज कि यह बैठक कई मामलों में अति महत्वपूर्ण रही जिसमें बिहार एवं उड़ीसा लोकमांग वसूली 1914 के तहत जिले में 7512 लंबित नीलाम पत्र वाद की अद्यतन स्थिति से लेकर नीलाम पत्र पदाधिकारी के समक्ष आ रही समस्याओं समेत कई बिंदुओं पर समीक्षा के साथ-साथ विमर्श भी किया गया।
बताते चले की विगत वर्ष के सितंबर माह में नीलामवाद के तहत जिला में कुल 7135 वाद दायर थे जिनकी संख्या फरवरी 2025 में 7512 है ,जिनका निस्तारण किया जाना है। लंबित वादों में लगभग 131 करोड़ राशि की वसूली की जानी है। विगत सितम्बर माह से इस वर्ष जनवरी माह तक कुल 470 नीलाम पत्र वादों का निष्पादन किया गया है, जिसकी प्रारंभिक राशि 10 करोड़ 94 लाख है।
प्रमंडलीय स्तर पर आयुक्त , गया प्रमंडल एवम जिला स्तर पर जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय द्वारा लगातार नीलाम पत्र वाद के तहत दायर वादों की समीक्षा की जा रही है। जिसके परिणाम स्वरूप मामलों के निष्पादन एवं राशि की वसूली में गुणात्मक वृद्धि हुई है। अब तक 299 बॉडी वारंट जिला में जारी किए गए हैं जिसमें 62 पर कारवाई की गई है तथा शेष 237 पर जल्द ही कारवाई सुनिश्चित की जाएगी ।अध्यक्ष महोदय के द्वारा तत्काल कारवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जिले के सभी 56 नीलाम पत्र पदाधिकारियों को आवश्यक रूप से धारा 7 के तहत देनदारों के विरुद्ध नोटिस निर्गत करने का निर्देश भी दिया गया।
आज कि इस बैठक में सभी नीलाम पत्र पदाधिकारियों से उनके न्यायालय में दायर वैसे मामले जो कि अत्यधिक पुराने एवं सर्वाधिक राशि वाले हैं उनकी भी अलग से समीक्षा की गई। साथ ही बैठक में उपस्थित पुलिस उपाधीक्षक को निर्देश दिया गया कि अत्यधिक राशि वाले मामलों में जारी नोटिस के तामिला एवं बॉडी वारंट में कारवाई में तेजी लाएं।
अध्यक्ष महोदय द्वारा सभी नीलाम पत्र वादों के निस्तारण में आने वाली समस्याओं एवं क्रियान्वयन में सुचारुता को लेकर उठाए जाने वाले कदमों पर विमर्श किया गया।
बैठक के समाप्ति पर जिला पदाधिकारी के द्वारा अध्यक्ष श्री केके पाठक एवं आयुक्त गया प्रमंडल श्री प्रेम सिंह मीणा को स्मृति चिन्ह भेंट कर आभार व्यक्त किया गया।
आज की इस समीक्षात्मक बैठक में अपर समाहर्ता श्री ब्रजेश कुमार, उप विकास आयुक्त श्री धनंजय कुमार , अपर समाहर्ता विभागीय जांच श्री विनय कुमार सिंह, अपर समाहर्ता आह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री राकेश कुमार एवं अन्य नीलाम पत्र पदाधिकारी उपस्थित थे।