रेडक्रॉस सोसायटी,जहानाबाद द्वारा जरूरतमंदों के बीच कम्बल वितरण

जहानाबाद
जहानाबाद जिला अन्तर्गत काको प्रखंड के हाजीपुर गांव में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी,जहानाबाद शाखा द्वारा आर्थिक रूप से अति कमजोर 140 जरूरतमंद लोगों के बीच कम्बल का वितरण किया गया।अत्यधिक ठंढ को देखते हुए रेडक्रॉस सोसायटी,जहानाबाद ने हाजीपुर गांव के अति जरूरतमंद लोगों की पहचान कर उनकी मदद हेतु यह पहल की।कम्बल वितरण से लाभान्वित होने वालों में मुख्यतः 140 घरों के वृद्ध महिलाएं, खासकर वैधव्य की विपदा झेल रही वृद्ध महिलाएं और दिव्यांग जन शामिल थे।
रेडक्रॉस सोसायटी,जहानाबाद के चेयरमैन डाॅ.सत्येंद्र कुमार के निर्देश पर सोसायटी के वाइस-चेयरमैन,इबरार अहमद, सचिव,राजकिशोर प्रसाद, कोषाध्यक्ष, अश्विनी कुमार और प्रबंध कार्यकारिणी समिति सदस्य सुनीता कुमारी,रणजीत राजन,रजनीश कुमार विक्कू द्वारा हाजीपुर गांव के 140 महादलित घरों से एक-एक सदस्य का चयन किया गया।बताते चलें कि रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा लगातार अति जरूरतमंद लोगों को चिह्नित कर कम्बल दिया जा रहा है।इस बाबत जब रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारियों से पूछा गया,तो पदाधिकारियों ने बताया कि रेडक्रॉस का उद्देश्य हर जरूरत के मौके पर जरूरतमंद लोगों तक पहुंचना और उनकी सेवा करना है।उनकी परेशानियों को कम कर उनके जीवन में थोड़ी राहत और खुशियां लाना हमारी प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी,जहानाबाद हमेशा से आपदाओं और मुश्किल हालात में जरूरतमंदों की मदद करने के लिए तत्पर रहती है और आगे भी ऐसे सेवा कार्य करती रहेगी।
कम्बल वितरण का कार्य रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव, राजकिशोर प्रसाद एवं प्रबंध कार्यकारिणी समिति सदस्य, रजनीश कुमार विक्कू के हाथों सम्पन्न हुआ। हाजीपुर गांव के सामाजिक कार्यकर्ता सहवीर जी और वीरेन्द्र जी ने कम्बल वितरण में महती योगदान दिया।मौके पर मौजूद लोगों ने रेडक्रॉस के इस पहल की सराहना की।कम्बल पाकर लोग काफी खुश दिखे।
