लाभदायक है अच्छी इमेज

खुशी मिश्र
जीवन में आगे बढ़ने में अच्छी इमेज महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इससे एक ओर सामाजिक संबंधों में सुधार,व्यक्तिगत विकास तथा पेशेवर जीवन में आगे बढ़ने में मदद मिलती है तो
व्यवसायिक अवसरों में भी वृद्धि
होती है और भविष्य के लिए प्रेरणा मिलती है। यही कारण है कि हर आदमी अपनी इमेज को लेकर सतर्क रहता है।
इसके बावजूद कुछ लोग लंबे समय तक इसे बनाये नहीं रख पाते।कुछ लोग शुरू में अपनी बहुत बढ़िया इमेज बनाते हैं- बेहद मिलनसार, दूसरों के सुख-दुख को समझने वाले किन्तु समय के साथ वे इसे कायम नहीं रख पाते। इसके कई कारण हैं कभी कुछ स्वार्थ वश तो कुछ
संबंधों में तालमेल नहीं बना पाते, बिना मतलब विश्वासी पर शक करने लगते हैं। नतीजा अच्छी खासी इमेज का सत्यानाश। ऐसे में बेहद भरोसेमंद आदमी दुश्मन बने या न बने,दूर तो हो ही जाता है तथा विश्वास का मजबूत पाया शक व अविश्वास का दीमक चाट कर खोखला कर देता है।
हर आदमी चाहता है कि दूसरों की नजर में उसकी अच्छी इमेज बनी रहे। इसके लिए सबसे पहले व्यक्तिगत विकास पर ध्यान देते हुए सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास आत्म-मूल्यांकन और आत्म-सुधार पर ध्यान देना चाहिए। इसके लिए एक ओर जहां अच्छा श्रोता बनना जरूरी है, वहीं दूसरी ओर अच्छा वक्ता होना भी। किसी की बात ध्यान से सुनना और जरूरत व माहौल के अनुसार कुछ बोलना। बोलते वक्त सहज-सरल भाषा, मुहावरों- कहावतों के साथ प्रसंग के अनुसार शारीरिक हाव-भाव, जैसे चेहरे पर गंभीरता या मुस्कान, आवाज में उतार-चढ़ाव आदि एक अलग और अच्छी इमेज बनाने में प्रभाव डालते हैं।
शिक्षा और ज्ञान का उपयोग भी बढ़िया छवि बनाता है। इससे कोई व्यक्ति प्रभावी ढंग से अपनी बात, अपने मनोभावों को व्यक्त कर पाता है।कहावत है – भांप लेते हैं खत का मजमून लिफाफा देख कर अर्थात अच्छा स्वास्थ्य और फिटनेस भी आकर्षण का कारण बनता है।परिवार, मित्रों और सहकर्मियों के साथ सकारात्मक संबंध बनाना इमेज बनाने का काम करता है तो अपने आसपास के लोगों के प्रति सम्मान और सहानुभूति दिखाने से भी छवि में सुधार होता है। अपनी वाणी और कार्यों के माध्यम से लोगों का विश्वासपात्र बनने से भी छवि सुधरती है। मीठी बोली और लोगों का विश्वास इमेज की स्थाई पूंजी हैं और इसे हर हाल में बनाये रखना चाहिए।
बनाही, भोजपुर।