ठंड के मौसम में बीपी के मरीज रखें अपना विशेष ख्याल डॉ: अवनीश

जहानाबाद:
ठंड के मौसम में बीपी के मरीजों को अपना विशेष ख्याल रखना चाहिए। उक्त बातें शहर के जाने माने चिकित्सक डॉ अवनीश कुमार ने बातचीत के दौरान कही। उन्होंने कहा कि सर्दी के मौसम में कई तरह की बीमारियां प्रभावी हो जाती है। ऐसे में सभी आयु के लोगों को सतर्क रहना चाहिए। लेकिन बुजुर्ग और बच्चों को इस समय विशेष ध्यान रखना चाहिए। जब भी घर से बाहर निकले तो गर्म कपड़े का उपयोग जरूर करें। अचानक बंद कमरे, हीटर तथा रजाई से बिना पूरे गर्म कपड़े के बाहर नहीं आए। यदि ऐसा नहीं करेंगे तो अचानक बाहर के कम तापमान शरीर को प्रभावित कर सकता है। डॉ अवनीश ने कहा कि इस मौसम में बच्चों में निमोनिया की बीमारी अधिक होती है। इसलिए उसे ठंड से विशेष बचाब के साथ रखें। अहले सुबह मॉर्निंग वॉक पर जाने वाले लोग इस मौसम में अपनी आदत में बदलाव जरूर लाएं। थोड़ा विलंब से घर से बाहर निकले। बुजुर्ग तथा बीपी के मरीज धूप निकलने के बाद ही मॉर्निंग वॉक के लिए निकले। इस मौसम में कोल्ड डायरिया का भी प्रकोप लोगों को ज्यादा प्रभावित करता है। खान-पान पर विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमेशा ताजा भोजन ग्रहण करें। ज्यादा तेल मसाला से युक्त भोजन से परहेज करें। खासकर ठेले या खुले में रखे खाद्य सामग्रियों का उपयोग नहीं करें। चिकित्सक ने कहा की हरी सब्जियां और मौसमी फल जरूर लें। जब पूरी तरह से सजग रहेंगे तो निश्चित ही डंड जनित बीमारियों से शरीर का बचाव होगा।