स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स,एरोड्रम, गांधी मैदान व अन्य खेल परिसरों का कराएंगे विकास : सांसद-शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क व सिंचाई परियोजनाओं का विकास नए साल की प्राथमिकता

जहानाबाद : स्थानीय सांसद डा.सुरेन्द्र प्रसाद यादव ने कहा कि नए साल में वे जहानाबाद व अरवल जिले में विकास की कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए पूरी ताकत लगा देंगे। उन्होने बताया कि इसी कड़ी में जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए वे सबसे पहले खेल परिसरों के सुदृढ़ीकरण के लिए अपनी ओर से काेशिशें शुरू कर दी है। उन्होने बताया कि एरोड्रम स्थित मैदान को उच्च स्तरीय परिसर के रूप में विकसित किए जाने की बड़ी संभावनाएं हैं। इसके अलावा स्थानीय गांधी मैदान की हालत भी फिलहाल काफी खराब है। गांधी मैदान की चहारदीवारी की हालत खास्तेहाल है। गांधी मैदान में नई चहारदीवारी के निर्माण के लिए वे जरूरी पहल करेंगे। इसके अतिरिक्त महलचक मोड़ के समीप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स,इंडोर स्टेडियम के बाहरी परिसर को आकर्षक व सुंदर बनाने के लिए वहां स्विमिंग पुल के अलावा कई अन्य सुविधाओं का विकास कराएंगे। उक्त खेल परिसरों के कायाकल्प के लिए सांसद श्री यादव ने खेल मंत्री को एक पत्र लिखकर इसे प्राथमिकता सूची में शामिल कराने की मांग की है। सांसद ने बताया कि नए साल में वे दोनो जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क व सिंचाई से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं को लेकर सरकार के मंत्रियों से मिलकर कई परियोजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए पहल करेंगे। उन्होने कहा कि इस दफे चुनाव में उनका एकमात्र एजेंडा विकास रहा है। अब उस पर अमल करने के लिए वे अपनी पूरी ताकत से काम करेंगे। उन्होने कहा कि समाज के सभी वर्गों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को वे जमीन पर उतारने के लिए काम करेंगे। सरकारी कार्यालयों के काम काज को भी जनहित में और जिम्मेदार बनाने के लिए वे जिले के आलाधिकारियों से बात कर एक बेहतर माहौल का निर्माण कराने के लिए जरूरी पहल करेंगे।
