एस एस कालेज में “एक पेड मां के नाम ” पर अभियान का हुआ शुरुआत

जहानाबाद
एस. एस. कॉलेज, जहानाबाद में महाविद्यालय के भूगोल विभाग के द्वारा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत विशेष पौधारोपण कार्यक्रम चलाया गया। पर्यावरणीय महत्व के इस अभियान में स्नातकोत्तर के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो० (डॉ०) कृष्णानंद ने उपस्थित छात्र-छात्राओं से पर्यावरण के अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य जहां विद्यार्थियों के बीच हरित चेतना का निर्माण और विकास करना है , वहीं ज़मीनी स्तर पर पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देकर विभिन्न प्रकार के प्रदुषण से मुक्ति में सहभागी भी बनना है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपनी मां के प्रति श्रद्धा व सम्मान स्वरूप एक पेड़ लगाने की भावनात्मक अपील की। वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत औषधीय गुणों से भरपूर तेजपत्ता , ऐलोवेरा , हरसिंगार, चंपा आदि का पौधा लगाया गया। इस अवसर पर भूगोल विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ० स्नेहा स्वरुप ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के पहल पर चलाया जा रहा यह महाअभियान काफी जोर पकड़ चुका है। उन्होंने आगे कहा कि पर्यावरण के संरक्षण के लिए समर्पित यह अभियान ग्लोबल वार्मिंग , भूजल स्तर को ऊपर लाने और प्रदुषण नियंत्रण में कारगर साबित होगा।
इस अवसर पर उपस्थित रहने वालों में हिन्दी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ० नम्रता कुमारी , नीरज कुमार आदि शामिल थे।