स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान के तहत श्रमदान एवं मतदाता जागरूकता का आयोजन



जहानाबाद
स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान के अंतर्गत जहानाबाद जिले में जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय के नेतृत्व में व्यापक स्वच्छता एवं श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान एवं नमामि गंगे के संयुक्त तत्वावधान में संचालित हुआ, जिसका उद्देश्य “एक घंटा, एक दिन, एक साथ” श्रमदान कर स्वच्छ उत्सव को सफल बनाना था।
कार्यक्रम की शुरुआत हॉस्पिटल मोड़ से प्रभात रैली के साथ हुई। जिला पदाधिकारी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें बड़ी संख्या में विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और स्वच्छता से जुड़े नारे एवं स्लोगन लगाते हुए गांधी मैदान पहुंचे। गांधी मैदान में रैली का समापन हुआ, जहाँ जिला पदाधिकारी ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं बच्चों के साथ स्वच्छता संकल्प लिया। इस संकल्प के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि प्रत्येक नागरिक अपने घर और आसपास को स्वच्छ रखें तथा घरों से निकलने वाले कचरे का सही तरीके से निपटान करें।
गांधी मैदान के पूर्वी छोर पर जिला पदाधिकारी द्वारा वृक्षारोपण कर स्वच्छता लक्षित इकाई का परिवर्तन किया गया। इसके साथ ही लगभग 1000 छात्र-छात्राओं एवं अधिकारियों ने मानव शृंखला बनाकर गांधी जी के चश्मे की आकृति बनाई। इस आकृति के माध्यम से स्वच्छता का महत्व जन-जन तक पहुँचाने का सशक्त संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में संगम घाट पर भी श्रमदान किया गया। “एक घंटा, एक दिन, एक साथ” की भावना के तहत घाट पर साफ-सफाई की गई।
जिला पदाधिकारी ने अपने संदेश में स्पष्ट किया कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छता और स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मतदान दोनों अनिवार्य हैं।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति, अपर समाहर्ता सह जिला।लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी,निदेशक डीआरडीए डॉ. रोहित कुमार मिश्र ,जिला शिक्षा पदाधिकारी श्रीमती सरस्वती कुमारी,जिला परियोजना पदाधिकारी नमामि गंगे श्री अमित कुमार,सहित जिले के वरीय पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, विद्यालयों के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
