एस एस कॉलेज में विशेष स्वच्छता का अभियान का आयोजन

जहानाबाद
स्थानीय स्वामी सहजानंद सरस्वती महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में एक दिवसीय विशेष स्वच्छता अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के उत्साही स्वयंसेवकों ने परिसर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ० अंशु कुमार मल्लिक ने किया।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत अभियान को गति देने के लिए युवाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है और राष्ट्रीय सेवा योजना इस उद्देश्य को साकार करने में सेतु का कार्य कर रही है।
वहीं, दूसरी ओर स्नातकोत्तर भूगोल विभाग के तत्वावधान में स्वच्छता शपथ का कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें काफी संख्या में उपस्थित रहे छात्र-छात्राओं ने अपने विभागाध्यक्ष डॉ० स्नेहा स्वरूप एवं प्राध्यापिका डॉ० सीमा कुमारी के नेतृत्व में स्वच्छता शपथ ली।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो०(डॉ०) दीपक कुमार ने भी इस पहल की सराहना की और छात्रों से जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में स्वच्छता को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि स्वच्छता स्वस्थ और समृद्ध समाज के निर्माण के लिए आवश्यक आधारभूत तत्व है और हमें अपने परिवेश को सुंदर बनाये रखने के लिए हरसंभव कोशिश करनी चाहिए।