छात्रों में लोकतंत्र की समझ, SVEEP कार्यक्रम से मिली प्रेरणा

जहानाबाद
आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए, पूरे जिले में मतदाता जागरूकता एवं युवाओं में निर्वाचन साक्षरता बढ़ाने हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज 216 जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र के रतनी फरीदपुर प्रखंड के उच्च विद्यालय लाखापुर एवं उच्च विद्यालय नेहालपुर में चुनावी पाठशाला एवं मतदाता जागरूकता संवाद का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर निर्वाचन साक्षरता क्लब (Electoral Literacy Club – ELC) का गठन किया जा रहा है। निर्वाचन साक्षरता क्लब एक ऐसा मंच है जो विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को रोचक गतिविधियों और व्यवहारिक अनुभवों के माध्यम से उनके निर्वाचन अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाता है और मतदाता पंजीकरण एवं मतदान प्रक्रिया से परिचित कराता है।
ELCs केवल विद्यालयों में ही नहीं, बल्कि महाविद्यालयों और ग्रामीण समुदायों में भी संचालित किए जाते हैं। यहाँ शिक्षा और मनोरंजन का संगम होता है। विभिन्न गतिविधियाँ और खेल इस प्रकार से तैयार किए जाते हैं कि छात्र-छात्राएँ सोचने, प्रश्न पूछने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने के लिए प्रेरित हों। भारत निर्वाचन आयोग का उद्देश्य इन क्लबों के माध्यम से युवाओं और भावी मतदाताओं में मतदान की संस्कृति को मजबूत करना है।
इस कार्यक्रम में जिला SVEEP नोडल पदाधिकारी, सहायक SVEEP नोडल पदाधिकारी, एवं SVEEP आइकॉन श्री अमित कुमार एवं श्री अजीत कुमार की सक्रिय सहभागिता रही। उन्होंने छात्राओं-छात्रों से संवाद स्थापित किया, निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी दी और उन्हें प्रेरित किया कि वे इस जागरूकता को अपने परिवार और समाज तक फैलाएँ।
