सभी प्रखंडों में “स्वच्छता ही सेवा-2025” अभियान का हुआ शुभारंभ

जहानाबाद
जहानाबाद जिले के सभी प्रखंडों में प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में “स्वच्छता ही सेवा-2025” अभियान का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रखंड कार्यालय परिसर से स्वच्छता रैली, वृक्षारोपण तथा स्वच्छता शपथ के साथ हुई। विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने अपने संदेश में कहा कि इस अभियान का उद्देश्य यह जागरूकता फैलाना है कि स्वच्छता के बिना स्वस्थ समाज की परिकल्पना संभव नहीं है।
इस अवसर पर वन विभाग की ओर से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया। अधिकारियों ने इस दौरान कहा कि केवल वृक्षारोपण ही नहीं बल्कि उसका संरक्षण भी आवश्यक है, क्योंकि वृक्ष जीवन का आधार हैं।
बाल विकास परियोजना पदाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि इस अभियान का एक प्रमुख उद्देश्य महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और शिक्षा संबंधी जानकारी देकर उन्हें जागरूक बनाना है, ताकि वे स्वयं सशक्त होकर परिवार और समाज को भी सशक्त बना सकें।
अंत में सभी नागरिकों से अपील की गई कि वे इस सेवा पर्व में सक्रिय भागीदारी कर अपने पंचायत, प्रखंड और जिले को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने में योगदान दें।

