आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 हेतु मास्टर प्रशिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण सम्पन्न

जहानाबाद
आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मद्देनज़र जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय के निर्देशानुसार आज दिनांक 25 अगस्त 2025 को उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में मास्टर प्रशिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस अवसर पर EVM/VVPAT संचालन एवं निर्वाचन प्रक्रिया के सफल क्रियान्वयन से संबंधित विषयों पर निदेशक, एन.ई.पी. सह नोडल पदाधिकारी (प्रशिक्षण) श्री सुदर्शन कुमार तथा पूर्व से प्रशिक्षित मास्टर प्रशिक्षकों द्वारा विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही आई.टी. मैनेजर श्री कृष्णा कुमार साहनी द्वारा निर्वाचन से संबंधित मोबाइल एप्स जैसे cVigil, Saksham, Voter Helpline आदि का व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों के अंतर्गत 26 अगस्त 2025 को जहानाबाद एवं घोसी विधानसभा क्षेत्र के सभी सेक्टर पदाधिकारियों एवं सेक्टर पुलिस पदाधिकारियों का प्रशिक्षण तथा 27 अगस्त 2025 को मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों का प्रशिक्षण समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में आयोजित किया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिला प्रशासन ने सभी सेक्टर पदाधिकारियों से समय पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण का लाभ लेने की अपील की है।
