अनुसचिवीय कर्मचारियों की हड़ताल जारी,चुनाव में सरकार को सबक सिखाने का लिया संकल्प

जहानाबाद
बिहार अनुसचिवीय कर्मचारी संघ गोपगुट के बैनर तले जिले के समाहरणालय, अनुमंडल, प्रखंड और अंचलों में कार्यरत अनुसचिवीय कर्मचारियों का 10 सूत्री मांगों के समर्थन में हड़ताल आज 21अगस्त को 13वें दिन भी जारी रहा। कारगिल चौक पर आहूत धरना को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा की अनुसचिवीय कर्मचारी जिला प्रशासन की रीढ़ होते हैं, लेकिन 20 वर्षों से इन कर्मियों को सरकार ने ठगने का काम किया है। सरकार निम्नवर्गीय लिपिकों को 1900 रुपए का ग्रेड पे देती है जो चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी के ग्रेड पे से ₹100 ही अधिक है। कर्मियों ने निम्नवर्गीय लिपिक का पदनाम बदलकर सहायक करने की मांग की तथा 2800 रुपया ग्रेड पे करने की मांग की। साथ ही उच्चवर्गीय लिपिकों को वरीय सहायक पदनाम एवं 4200 के ग्रेड की मांग की। बिहार प्रशासनिक सेवा के पदों पर 25% प्रोन्नति प्रधान लिपिक को देने की मांग भी रखी गई। इसी प्रकार प्रधान लिपिक को प्रशाखा पदाधिकारी और ग्रेड पे 4600 करने की मांग की गई।कार्यबल में वृद्धि नहीं होने के कारण कर्मी कार्य के बोझ तले दबे हुए हैं। कार्यस्थलों पर सभी कर्मियों के लिए निशुल्क आवास की मांग भी रखी गई। लिपिकों की कैशलेस चिकित्सा सुविधा की मांग भी रखी गई तथा 50 लाख रुपए का दुर्घटना बीमा का प्रावधान करने की मांग की गई। राजपत्रित कर्मियों के जिला स्तरीय संवर्ग को बनाए रखने की भी मांग की गई। समाहरणालय संवर्ग के लिपिक को उनके गृह जिला में स्थानांतरण की मांग भी रखी गई।
नेताओं ने कहा कि उक्त मांगों के समर्थन में जिले के तमाम अनुसचिवीय कर्मचारी दिनांक 9 अगस्त 2025 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठे हैं। मगर सरकार के कान पर जूं नहीं रेंग रही है।अगर सरकार समय रहते उनकी मांगों को नहीं मानती है तो कर्मचारी आगामी विधानसभा चुनाव में इसका बदला लेंगे।
आज धरना को राम उदय कुमार, बासुदेव सिंह, सत्येंद्र कुमार, मृत्युंजय पाठक, उदय कुमार,नीरज कुमार सिन्हा, पूजा कुमारी, सुकृति कुमारी, किरण कुमारी,अजय कुमार, सुरेंद्र चौधरी आदि नेताओं ने संबोधित किया।
