देशबिहारराज्यलोकल न्यूज़

लोकतंत्र को मजबूत करती है पत्रकारिता: डॉ. अभिराम शर्मा



जहानाबाद।
स्वस्थ पत्रकारिता समाज के लिए जरूरी है, क्योंकि यह सूचना का सेतु बनती है। पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत करती है और सामाजिक जागरूकता को बढ़ाती है। ये बातें रविवार को स्थानीय एरोड्रोम के निकट स्थित प्रतिभा पल्लवन पब्लिक स्कूल के सभागार में आयोजित पत्रकार सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए जिले के चर्चित शिक्षाविद और पीपी एजुकेशनल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. अभिराम शर्मा ने कही। सम्मान समारोह की अध्यक्षता करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि समारोह में उपस्थित जहानाबाद जिले की तीन पीढ़ियों के पत्रकारों  को सम्मानित करना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया के पत्रकारों से अपेक्षा की कि
समाज में व्याप्त विसंगतियों को दूर करने में अपनी भूमिका का बखूबी निर्वहन करते रहें। जब कभी उन्हें किसी तरह के सहयोग की आवश्यकता होगी, पीपी एजुकेशनल ग्रुप उनके साथ खड़ा रहेगा।
समारोह को संबोधित करते हुए स्थानीय एसएन सिन्हा कॉलेज में अंग्रेजी के पूर्व विभागाध्यक्ष और एक राष्ट्रीय अंग्रेजी दैनिक के जिला संवाददाता रहे डॉ. सत्येंद्र कुमार ने कहा कि
पत्रकारिता समाज को सटीक, विश्वसनीय और समयबद्ध जानकारी प्रदान करती है, जिससे लोग अपने अधिकारों, कर्तव्यों और आसपास की घटनाओं के प्रति जागरूक रहते हैं। पत्रकारिता सरकार और सत्ता की जवाबदेही सुनिश्चित करती है। यह भ्रष्टाचार, अन्याय और दुरुपयोग को उजागर कर जनता को सशक्त बनाती है। उन्होंने यह भी कहा कि
सामाजिक मुद्दों जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और असमानता पर चर्चा को बढ़ावा देकर पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद करती है।
एक हिंदी दैनिक के ब्यूरो चीफ रहे मदन शर्मा ने कहा कि पत्रकारिता विभिन्न दृष्टिकोणों को सामने लाकर लोगों में तार्किक सोच और स्वतंत्र विचार विकसित करती है।
जहानाबाद व्यवहार न्यायालय के चर्चित अधिवक्ता और एक अंग्रेजी दैनिक के जिला संवाददाता रहे सुरेन्द्र कुमार सिन्हा  ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकारिता विभिन्न समुदायों की संस्कृति, परंपराओं और समस्याओं को उजागर कर सामाजिक एकता को बढ़ावा देती है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए एक हिंदी दैनिक के पूर्व ब्यूरो चीफ रहे शैलेश कुमार ने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है, यह सच्चाई को सामने लाती है, जनता को शिक्षित करती है और समाज को बेहतर बनाने में योगदान देती है।
इसके पूर्व डॉ. सत्येंद्र कुमार,  सुरेन्द्र कुमार, मदन शर्मा, डॉ. अभिराम शर्मा और शैलेश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर सम्मान समारोह का विधिवत उद्घाटन किया। स्कूल की छात्राओं ने स्वागत गान से सभी को भाव विभोर कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी मीडियाकर्मियों को शॉल और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले मीडियाकर्मियों में मृत्युंजय कुमार, धर्मेंद्र कुमार, हसनैन दीवाना, संतोष श्रीवास्तव, रागीव अहसन, पंकज कुमार, कौशलेंद्र कुमार सहित करीब 85  मीडियाकर्मी शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!