माननीय मंत्री श्री जिवेश कुमार ने जहानाबाद को दी करोड़ों की सौगात

जहानाबाद
आज जहानाबाद जिले के लिए एक ऐतिहासिक दिन रहा जब नगर विकास एवं आवास विभाग, बिहार के माननीय मंत्री श्री जिवेश कुमार ने जहानाबाद जिला अंतर्गत सभी नगर निकायों में करोड़ों रुपये की योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन कर जिले को महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात दी। समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक श्री विनित कुमार ने मंत्री महोदय का पौधा भेंटकर स्वागत किया, जिसके उपरांत मंत्री महोदय ने रिमोट के माध्यम से मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना अंतर्गत बुड़को द्वारा संचालित ₹91,60,205 की 4 योजनाओं का उद्घाटन किया। इसके साथ ही नगर परिषद जहानाबाद में ₹6,51,71,299 की 32 योजनाओं, नगर पंचायत काको में ₹2,08,97,100 की 19 योजनाओं, नगर पंचायत मखदुमपुर में ₹94,25,110 की 2 योजनाओं एवं नगर पंचायत घोसी में ₹23,75,710 की 2 योजनाओं का शिलान्यास/उद्घाटन किया गया।
शिलान्यास एवं उद्घाटन कार्यक्रम के उपरांत माननीय मंत्री श्री जिवेश कुमार की अध्यक्षता में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें बुड़को द्वारा कार्यान्वित योजनाओं एवं सभी नगर निकायों की चल रही योजनाओं की समीक्षा की गई। मंत्री महोदय ने सभी कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने का सख्त निर्देश देते हुए कहा कि इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से जहानाबाद को एक स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक जिला बनाने का लक्ष्य है, जिसमें सरकार और नागरिक दोनों की समान भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से शहरी विकास, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों में श्री अनिल कुमार – माननीय सदस्य, बिहार विधान परिषद, श्री कुमार कृष्ण मोहन उर्फ सुदय यादव – माननीय सदस्य, बिहार विधानसभा, श्री रामबली सिंह यादव – माननीय सदस्य, बिहार विधानसभा, श्रीमती रूपा देवी – माननीय अध्यक्ष, नगर परिषद, जहानाबाद, श्रीमती मीना देवी – अध्यक्ष, नगर पंचायत, मखदुमपुर, श्री राहुल रंजन – अध्यक्ष, नगर पंचायत, काको, श्रीमती भानमती देवी – अध्यक्ष, नगर पंचायत, घोसी, श्री पिंटू कुमार – उपाध्यक्ष, नगर परिषद, जहानाबाद, श्री सागर कुमार उर्फ दिलीप कुशवाहा – उपाध्यक्ष, जिला स्तरीय कार्यक्रम आगमन समिति तथा श्री अजय कुमार देव – उपाध्यक्ष, जिला स्तरीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति सम्मिलित हुए।
