देशबिहारराज्यलोकल न्यूज़

जहानाबाद के डीएसपी मुख्यालय  संजीव कुमार के घर एसवीयू के छापे, नकदी व जमीन के दस्तावेज मिले


*पटना व खगड़िया स्थित ठिकानों पर भी छापेमारी, आय से अधिक संपत्ति के मामले में हुई कार्रवाई*

जहानाबाद
            डीएसपी मुख्यालय संजीव कुमार के यहां पूर्वी गांधी मैदान स्थित सरकारी आवास पर शुक्रवार को विशेष निगरानी यूनिट के अधिकारियों ने छापेमारी कर लगभग डेढ़ लाख से अधिक नकद राशि, पैन कार्ड, अलग-अलग बैंकों के ई खाते चेक बुक, जमीन के कागजात समेत कई संदिग्ध दस्तावेज जब्त कर लिया। आरोपी डीएसपी अवकाश पर पटना गए हुए थे। उनकी अनुपस्थिति में एसवीयू की एक पांच सदस्यीय टीम ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में उनके सरकारी आवास पर छापा मारकर कई अहम व जरूरी दस्तावेज को जब्त कर लिया। इसके अलावा पटना व खगड़िया स्थित उनके आवास पर भी विजिलेंस की टीम ने की बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की है। डीएसपी के आवास पर छापेमारी की खबर से पुलिस महकमा में शुक्रवार को हड़कंप मच गया। दरअसल आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में विशेष निगरानी इकाई में पहले ही उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। शुक्रवार को उसी के आलोक में पूरी प्लानिंग के साथ विशेष निगरानी इकाई के पुलिस उपाधीक्षक सुधीर कुमार के नेतृत्व में जांच के लिए शुक्रवार की सुबह तकरीबन आठ बजे निगरानी की टीम ने  जहानाबाद पहुंच कर डीएसपी के सरकारी आवास पर धाबा बोला। उसके बाद पांच सदस्यीय विजिलेंस की टीम ने घंटों उनके सरकारी आवास की तलाशी ली। लगभग 6 घंटे से ऊपर चले सर्च ऑपरेशन में विशेष निगरानी इकाई की टीम को डीएसपी के आवास से लगभग डेढ़ लाख से कुछ अधिक नकद राशि व अन्य कागजातों को जब्त कर लिया। टीम ने उनके कंप्यूटर की भी जांच की है। अब जब्त कागजातों के आधार पर विजिलेंस की टीम आगे की कार्रवाई में जुटी है। छापेमारी दल का नेतृत्व कर रहे विशेष निगरानी इकाई के पुलिस उपाधीक्षक सुधीर कुमार ने बताया कि आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में डीएसपी के पटना व खगड़िया एवं जहानाबाद स्थित आवास पर कार्रवाई में मिले सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
          ट्रकों के काजगात व बालू माफिया से संबंध की भी बात आ रही सामने
बताया जा रहा है कि डीएसपी के तीन ठिकानों से 90 लाख रुपए नकद के अलावा 10 ट्रकों के कागजात, 60 बीघा जमीन के कागजात, काफी मात्रा में जेवरात के अलावा बालू माफिया से संबंध रहने की बात सामने आई है। फिलहाल विशेष निगरानी इकाई के टीम को हाथ लगे पुख्ता सबूत के आधार पर आईटी सेल की टीम भी आगे की कार्रवाई करने में जुटी है। मालूम हो कि वे यहां डीएसपी मुख्यालय के रूप में करीब एक साल से अधिक अवधि से अपनी सेवा दे रहे थे। जांच पड़ताल के दौरान किसी भी व्यक्ति को अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जा रही। डीएसपी मुख्यालय संजीव कुमार पर एक करोड़ 52 लाख 42469 रुपया से अधिक संपत्ति अवैध तरीके से अर्जित करने का आरोप है। एसवीयू को उनके खिलाफ आय के स्रोत से कहीं अधिक संपत्ति की पुख्ता सबूत भी हासिल कर ली गई है। डीएसपी के इस काले कारनामे के बाद पुलिस महकमे की कार्य संस्कृति पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे बेईमान अधिकारी के खिलाफ जिले में सक्षम अधिकारियों को क्यों नहीं कुछ पता चल सका।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!