एस एस कालेज में मेंहदी एवं राखी प्रतियोगिता का आयोजन

जहानाबाद
स्थानीय एस. एस. कॉलेज, जहानाबाद के दर्शन शास्त्र विभाग के तत्वावधान में रक्षा बंधन पर्व की पूर्व संध्या पर राखी एवं मेंहदी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें काफी संख्या में उत्साहित छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने जहां मनमोहक राखी बना कर सबों का ध्यान अपनी ओर खींचा, वहीं उन्होंने अपने हाथों में सुंदर डिज़ाइनों की मेंहदी लगाकर अपनी उत्कृष्ट कलात्मकता का प्रदर्शन किया। मौके पर उपस्थित दर्शन शास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ० मधु सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति में राखी एवं मेंहदी का विशेष महत्व है , क्यों कि इसे प्राकृतिक श्रृंगार, सौभाग्य, समृद्धि और प्रेम का प्रतीक माना गया है। उन्होंने आज के इस आयोजन को सामूहिकता का उत्सव बताया। उन्होंने उपस्थित छात्राओं को भाई -बहनों के परस्पर अटूट व उत्कट प्रेम के पर्व रक्षाबंधन की शुभकामनाएं और बधाई भी दी। सांस्कृतिक व कलात्मक महत्व के इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान शोभा कुमारी को प्राप्त हुआ , वहीं द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर क्रमशः सुरूची कुमारी एवं पूजा भारती रहीं। इस अवसर पर वरीय शिक्षक डॉ० श्रीनाथ शर्मा के नेतृत्व में महाविद्यालय परिसर में लगे पेड़ों को रक्षासूत्र भी बांधा गया। इस अवसर पर उपस्थित रहने वालों में डॉ० विनोद कुमार राय , प्रो० प्रवीण दीपक, डॉ० सुनीता तिवारी, डॉ० नम्रता कुमारी, डॉ० अविनाश कुमार,डॉ० मनीषा प्रिया, डॉ० पूजा भारती शामिल रहे।

