इस बार अपने बच्चों के लिए वोट करें : प्रशांत किशोरमखदुमपुर में महती सभा को किया संबोधित


मखदुमपुर।
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर की बिहार बदलाव सभा सोमवार को मखदुमपुर के गांधी मैदान में हुई। जन सुराज पार्टी के जिलाध्यक्ष विमल शर्मा की अध्यक्षता और पार्टी के युवा संगठन के अध्यक्ष व मलाठी पंचायत के मुखिया धीरज कुमार के संचालन में हुई सभा को पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने संबोधित करते हुए बिहार की बदहाली के लिए 35 वर्षों के लालू- नीतीश के शासन को जिम्मेवार ठहराते हुए जोरदार हमला किया।
उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद के शासन में बिहार अपहरण उद्योग के लिए कुख्यात था। उस समय कट्टा का व्यापार होता था। उस समय से बिहारी पूरे देश में एक गाली हो गया था जो आज तक चस्पा है। दूसरे प्रदेशों में बिहारी को लोग हेय दृष्टि से देखते हैं। नीतीश कुमार के 20 वर्षों के शासनकाल में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो गई। बिहार से लाखों लाख लोग रोजी-रोजगार के लिए दूसरे प्रदेशों में पलायन किए हुए हैं। उन्होंने कहा कि अब तक जिन चीजों के लिए आप सबों ने वोट दिया, वो सारी चीजें आप को मिलीं। आप ने पांच किलो अनाज के लिए वोट दिया, आप को वह मिल रहा है, आप सबों ने राम मंदिर के लिए वोट दिया तो अयोध्या में राम मंदिर बन गया। आप ने बिजली के लिए नीतीश कुमार को वोट दिया, बिहार में लोगों को बिजली मिल रही है, भले ही बिल अधिक आ रहा हो। आप सबों ने कभी भी अपने बच्चों का चेहरा देखकर वोट नहीं किया, इसलिए सरकार आप सबों के बच्चों के लिए शिक्षा की अच्छी व्यवस्था नहीं कर रही है।
प्रशांत किशोर ने मोदी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि उन्हें वोट बिहार से चाहिए, लेकिन फैक्ट्री गुजरात में लगाएंगे। अब यह नहीं चलने वाला। उन्होंने सभा में उपस्थित हजारों लोगों से हाथ उठवाकर यह संकल्प कराया कि वे इस बार नवंबर में होने वाले बिहार विधान सभा चुनाव में अपने बच्चों का चेहरा देखकर वोट करेंगे। इस बार ना तो मोदी और नीतीश के नाम पर वोट करेंगे और ना ही लालू प्रसाद के कहने पर। इस बार अपने बच्चों के लिए वोट करेंगे। यह भी कहा कि इस बार छठ के बाद बिहार से गरीबी भगाने लिए काम शुरू होगा। इसके लिए उन्होंने लोगों से हाथ उठवाकर आशीर्वाद मांगा।
इसके पूर्व जन सुराज राज्य कोर कमेटी के सदस्य डॉ. अभिराम शर्मा ने शॉल देकर प्रशांत किशोर को सम्मानित किया। मंच पर जिला प्रभारी शंकर सिंह, जहानाबाद विधान सभा प्रभारी अरविंद चौधरी, महिला सेल की जिलाध्यक्ष नाजनी परवीन, जिला महासचिव रामबाबू पासवान, अनुराधा यादव, अनुमंडल महासचिव मुकेश कुमार, अनुमंडल अध्यक्ष राजकुमार सिंह, तिलेश्वर कौशिक, अनिल शर्मा, अनिल कुमार, रूपेश कुमार, घोषी विधानसभा प्रभारी सविंदर चंद्रवंशी, किसान सेल अध्यक्ष और अभियान समिति के अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।।
