देशबिहारराज्यलोकल न्यूज़

एस. एस. कॉलेज, जहानाबाद का 70वां स्थापना दिवस समारोह संपन्न।



*कुलपति ने किया डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की आदमकद प्रतिमा का अनावरण, छात्रहित में की कई बड़ी घोषणाएं*

जहानाबाद
    एस. एस. कॉलेज, जहानाबाद का सत्तरवां स्थापना दिवस समारोह  भव्य और उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) शशि प्रताप शाही ने कार्यक्रम में शिरकत कर इसकी गरिमा को नई ऊंचाई दी। समारोह के दौरान उन्होंने बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री, स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक “बिहार केसरी” डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया।

प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा का कार्य हुलासगंज मठ के मठाधीश स्वामी हरेरामाचार्य जी महाराज द्वारा विधिपूर्वक संपन्न कराया गया। अपने संबोधन में कुलपति प्रो. शाही ने श्री बाबू को एक विराट व्यक्तित्व और बिहार के गौरव की संज्ञा दी। उन्होंने कहा,

> “यह प्रतिमा हम सब के लिए प्रेरणा का प्रचंड स्रोत बनेगी, जिससे छात्र और शिक्षक दोनों को ऊर्जा और दिशा मिलेगी।”



कई शैक्षणिक घोषणाएं

इस मौके पर कुलपति ने कॉलेज के छात्रहित में महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि स्नातकोत्तर स्तर पर पढ़ाए जाने वाले कई विषयों की सीटें दोगुनी की जाएंगी, साथ ही इतिहास विषय में भी स्नातकोत्तर की पढ़ाई प्रारंभ की जाएगी। उन्होंने नई शिक्षा नीति के अनुरूप शोध और नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

प्राचार्य ने रखी कार्ययोजना

कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) दीपक कुमार ने डॉ. श्रीकृष्ण सिंह को महान विभूति बताते हुए कहा कि उनका जीवन, नेतृत्व और योगदान बिहार के सामाजिक और आर्थिक विकास की नींव है। उन्होंने कॉलेज की उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं की भी विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकताएं अतिरिक्त क्षमता निर्माण, नामांकन लक्ष्य की पूर्ति और शैक्षणिक समावेशन को मजबूत करना है।

उद्घाटन व सांस्कृतिक कार्यक्रम

समारोह के दौरान नवीनीकृत कैफेटेरिया और क्रीड़ा परिसर का भी उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में ग़ज़ल गायक मुन्ना दीवाना और महाविद्यालय के सांस्कृतिक मंच से जुड़े छात्र-छात्राओं ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

सभा को मगध विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. (डॉ.) बी.के. मंगलम, एस. सिन्हा कॉलेज औरंगाबाद के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) सुधीर कुमार मिश्र, जगजीवन कॉलेज गया के प्राचार्य डॉ. शलभमणि श्रीवास्तव, प्रो. (डॉ.) कृष्णा नंद, डॉ. प्रीति रानी सहित कई महाविद्यालयों के प्राचार्यों और शिक्षाविदों ने संबोधित किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. स्नेहा स्वरूप (विभागाध्यक्ष, भूगोल विभाग) ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. विनोद कुमार राय (विभागाध्यक्ष, संस्कृत विभाग) द्वारा किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!