केन्द्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने स्नेहा की लगन और संघर्ष की सराहना करते हुए उसकी पढ़ाई में हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया

गया जी।बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्र सरकार में मंत्री जीतन राम मांझी ने आज वीडियो कॉलिंग के माध्यम से मानपुर प्रखंड अंतर्गत ग्राम भेड़िया निवासी शीतन मांझी की सात वर्षीय पुत्री कुमारी स्नेहा से बात की है। स्नेहा का वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया और न्यूज़ चैनलों पर वायरल हुआ था, जिसमें वह घर के बाहर स्ट्रीट लाइट की रोशनी में पढ़ाई करती नजर आई। इस वीडियो में स्नेहा ने अपनी कठिन परिस्थितियों—पिता की बीमारी और परिवार की गरीबी—के बावजूद डॉक्टर बनने की अपनी प्रबल इच्छा प्रकट की थी। केन्द्रीय मंत्री मांझी ने स्नेहा की लगन और संघर्ष की सराहना करते हुए उसकी पढ़ाई में हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि भारत सरकार और वे स्वयं स्नेहा की शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य के लिए हर आवश्यक कदम उठाएंगे।
इस अवसर पर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (से०) का एक प्रतिनिधिमंडल स्नेहा के परिवार से भेड़िया गांव पहुंचकर मिला और परिवार की समस्याओं को निकटता से जाना है। प्रतिनिधिमंडल ने भी स्नेहा को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया है।हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (से०) समाज के वंचित और प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करने तथा उनके विकास में सहयोग देने के लिए सदैव तत्पर है।
इस प्रतिनिधि मंडल में पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह सांसद प्रतिनिधि गया रोमित कुमार, पार्टी के जिला अध्यक्ष नारायण प्रसाद मांझी, जिला उपाध्यक्ष सुधीर यादव,दलित प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष श्री दीना मांझी ,जिला संगठन सचिव रामसनेही मांझी, जिला सचिव राकेश कुमार, ननौक ग्राम पंचायत मुखिया प्रतिनिधि सुरेश मांझी, युवा कार्यकारी जिला अध्यक्ष संतोष सागर,जिला उपाध्यक्ष रामप्रसाद मांझी उपस्थित थे।
