“बच्चा फेंके नहीं, हमें दीजिए”— ‘नन्हे कदम’ संस्थान का संवेदनशील संदेश


जहानाबाद
सहायक निदेशक, जिला बाल संरक्षण इकाई, जहानाबाद श्रीमती माला कुमारी के निर्देशानुसार ज़िले के विभिन्न प्रखंडों में बच्चों के अधिकारों एवं संरक्षण हेतु संचालित “नन्हे कदम – विशिष्ट दत्तक ग्रहण संस्थान” द्वारा एक साप्ताहिक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत 0 से 6 वर्ष तक के ऐसे परित्यक्त, परित्याग हेतु स्वेच्छा से समर्पित (सरेंडर) अथवा भूला-भटका बच्चों के सुरक्षित आवासन, देखभाल एवं दत्तक ग्रहण की वैधानिक प्रक्रिया की जानकारी आमजनों को दी जा रही है।
कार्यक्रम का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी नवजात या शिशु असुरक्षित परिस्थिति में न छोड़ा जाए, न ही किसी तरह की लापरवाही या सामाजिक दबाव के कारण फेंका जाए। इसके बजाय ऐसे बच्चों को कानूनी रूप से मान्यता प्राप्त संस्थान “नन्हे कदम” को सौंपा जाए, जहाँ उनकी देखभाल, चिकित्सा, पोषण और पुनर्वास की संपूर्ण व्यवस्था होती है।
संस्थान की समन्वयक श्रीमती रागिनी कुमारी ने बताया “बच्चा फेंके नहीं—हमें दें। हमारी संस्था में बच्चों को सुरक्षित वातावरण, स्नेहपूर्ण देखभाल और भविष्य निर्माण की दिशा मिलती है। आम जनता, आंगनबाड़ी सेविकाएं, आशा कार्यकर्ता, स्वास्थ्यकर्मी और ग्राम स्तर के प्रतिनिधियों से हम यह अपील करते हैं कि ऐसे मामलों में तुरंत संस्थान या जिला बाल संरक्षण इकाई से संपर्क करें।”
संस्थान में बच्चों को अस्थायी रूप से आवासित किया जाता है, जिसके बाद केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA) की दिशानिर्देश के तहत विधिसम्मत प्रक्रिया अपनाकर उनका दत्तक ग्रहण कराया जाता है।
