खरीफ महाभियान 2025 के अंतर्गत जिला स्तरीय शारदीय (खरीफ) कर्मशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन


जहानाबाद
कृषि विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), जहानाबाद द्वारा दिनांक 22 मई 2025 को अब्दुल बारी नगर भवन, जहानाबाद में शारदीय (खरीफ) महाभियान 2025 के अंतर्गत जिला स्तरीय खरीफ कर्मशाला-सह-प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडे द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर संयुक्त निदेशक रसायन, पटना सह नोडल पदाधिकारी श्री विनय कुमार पांडेय एवं सहायक निदेशक रसायन श्री रवि कुमार चंद्रवंशी सहित विभाग के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथियों द्वारा किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने, जैविक खेती को बढ़ावा देने और मृदा स्वास्थ्य की रक्षा हेतु संतुलित उर्वरक प्रयोग पर बल दिया गया। मृदा जांच प्रयोगशाला, जहानाबाद द्वारा तैयार की जा रही सॉइल फर्टिलिटी मैपिंग के माध्यम से वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने की बात कही गई।
कार्यक्रम के दौरान आर.पी.एल. प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को प्रमाण पत्र एवं किसानों के बीच मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण किया गया। जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक आत्मा, श्रीमती संभावना द्वारा बीज वितरण, किसान सम्मान निधि, कृषि यंत्रीकरण, बीज उत्पादन कार्यक्रम, आत्मा योजना आदि की जानकारी पावरप्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से दी गई।
कृषि विज्ञान केंद्र, गंधार के वरीय वैज्ञानिक डॉ. मुनेश्वर प्रसाद, डॉ. वाजिद हसन, इ. जितेन्द्र कुमार तथा डॉ. दिनेश महतो ने कृषक प्रशिक्षण, बीज उत्पादन, कीट प्रबंधन, कृषि यंत्रों की उपयोगिता आदि विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
सहायक निदेशक मिट्टी जांच श्रीमती श्वेता प्रिया द्वारा मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना की महत्ता बताई गई एवं कहा गया कि प्रत्येक किसान को अपने खेत की मृदा जांच अवश्य करानी चाहिए ।
कार्यक्रम में नाबार्ड जिला प्रबंधक रजनीकांत सिंह, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक रविंद्र कुमार सिंहा, सहायक निदेशक शष्य भूमि संरक्षण राम लखन ठाकुर, सहायक निदेशक प्रक्षेत्र श्रीमती इंदू सिंहा, उप परियोजना निदेशक आत्मा राकेश कुमार, सहायक निदेशक उद्यान रूपेश कुमार अग्रवाल, सहायक निदेशक कृषि अभियंत्रण सुधीर कुमार, सहायक निदेशक पौधा संरक्षण मो. जावेद आलम, बिहार कृषि ऐप विशेषज्ञ संदीप सहित सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, तकनीकी प्रबंधक, किसान सलाहकार, नवनियुक्त सहायक निदेशक एवं सैकड़ों प्रगतिशील किसान उपस्थित थे।
मंच संचालन किसान सलाहकार देवेंद्र कुमार द्वारा किया गया।