समावेशी विकास की ओर एक और कदम : बिजलीपुर महादलित टोला में आयोजित डॉ. भीमराव अंबेडकर समग्र सेवा अभियान शिविर में जिला पदाधिकारी ने की सहभागिता


जहानाबाद
जहानाबाद जिला प्रशासन द्वारा सामाजिक न्याय एवं समग्र विकास को समर्पित डॉ. भीमराव अंबेडकर समग्र सेवा अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 10 मई 2025 को घोसी प्रखंड अंतर्गत भारथु पंचायत के बिजलीपुर महादलित टोला में विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर में जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय ने स्वयं उपस्थित होकर महादलित समुदाय के बीच सीधा संवाद किया और उन्हें सरकारी योजनाओं की पहुंच और लाभ से जोड़ने की प्रतिबद्धता दोहराई।
शिविर में हुईं यह प्रमुख गतिविधियाँ:
राशन कार्ड (पीडीएस) 06 आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया गया।
जन्म/मृत्यु प्रमाण पत्र में 11 प्रमाण-पत्र तत्काल जारी कर दिए गए।
ई-श्रम कार्ड हेतु 02 आवेदन का निष्पादन मौके पर ही किया गया।
भूमि बंदोबस्त हेतु 05 आवेदन तथा वृद्धावस्था पेंशन हेतु 01 आवेदन प्राप्त हुआ, जिसे तुरंत निष्पादित किया गया।
एक महिला द्वारा रोजगार हेतु आवेदन सौंपे जाने पर, जिला पदाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को उद्योग विभाग से समन्वय कर रोजगार शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने शिविर में सभी विभागीय कर्मी को योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीरता से सहभागिता देने का निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि यह प्रयास सामाजिक समावेशन और अंतिम पंक्ति के नागरिक तक सेवाओं की पहुँच सुनिश्चित करने की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण है।
“हर व्यक्ति तक हर योजना”—यही है इस अभियान की मूल भावना।
