कलाकारों के लिए शानदार अवसर: बिहार आर्टिस्ट रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर पंजीकरण शुरू


*राज्य, राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के मंच प्राप्त करने का सुनहरा मौका*
जहानाबाद
जहानाबाद जिले के कलाकारों के लिए एक महत्वपूर्ण खबर है। अब वे कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार सरकार द्वारा शुरू किए गए बिहार आर्टिस्ट रजिस्ट्रेशन पोर्टल (artistregistration.bihar.gov.in) पर घर बैठे ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इस पहल से सामान्य, दिव्यांग तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के कलाकारों को विशेष रूप से लाभ मिलेगा।
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्रीमती चांदनी कुमारी ने बताया कि इस पोर्टल का उद्देश्य राज्य के कलाकारों को सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यक्रमों, पुरस्कारों और सांस्कृतिक आयोजनों से जोड़ना है। साथ ही, इससे कलाकारों को राज्यस्तरीय, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
*क्या हैं पोर्टल की खास बातें:*
सभी पंजीकृत कलाकारों का डिजिटल डाटाबेस तैयार किया जाएगा।
शास्त्रीय नृत्य, गायन, लोकगीत, नाट्य विद्या, चित्रकला, मूर्तिकला, मंच संचालन आदि सभी विधाओं के कलाकारों को मिलेगा लाभ।
जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर तक के कलाकारों को मिलेगी सरकारी कार्यक्रमों में भागीदारी का अवसर।
प्रत्येक कलाकार को मिलेगा यूनिक आईडी, जिससे योजनाओं और आयोजनों में भाग लेना होगा संभव।
*पंजीकरण की प्रक्रिया:*
1. पोर्टल पर जाकर “Register Now” विकल्प चुनें।
2. मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी वेरिफिकेशन करें।
3. आवश्यक जानकारी भरकर पंजीकरण पूरा करें।
पंजीकरण के बाद कलाकारों को सरकारी योजनाओं, प्रशिक्षण कार्यशालाओं, प्रदर्शन अवसरों, पुरस्कारों और मान्यताओं से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा।
श्रीमती चांदनी कुमारी ,जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी ने जिले के सभी कलाकारों से अपील की है कि वे शीघ्र पंजीकरण कराएं और सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं का पूरा लाभ उठाएं। किसी भी समस्या या जानकारी के लिए जिला कला एवं संस्कृति कार्यालय, जहानाबाद से संपर्क किया जा सकता है।
