जिला अभियोजन समिति की मासिक बैठक सम्पन्न, स्पीडी ट्रायल एवं दोषसिद्धि दर में वृद्धि का निर्देश


जहानाबाद
पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद प्रताप सिंह एवं अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) श्री विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला अभियोजन समिति की मासिक बैठक समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स में आयोजित की गई।
बैठक की शुरुआत में विगत बैठक की कार्यवाही की समीक्षा की गई, जिसमें बताया गया कि मार्च माह में विधि पदाधिकारियों द्वारा 409 कांडों का निष्पादन किया गया, जिनमें से 104 मामलों में दोषियों को सजा हुई है।
अपर समाहर्ता ने निर्देश दिया कि प्रत्येक विधि पदाधिकारी कम-से-कम 25-25 मामलों को चिन्हित कर शीघ्र विचरण करें एवं लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को प्राथमिकता दें। ऐसे वाद जिनमें केवल डॉक्टर या अनुसंधानकर्ता की गवाही शेष है, उनकी सूची तैयार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सरकारी सेवकों के विरुद्ध वाद, गबन, टाइटल सूट, पॉक्सो एक्ट, रेप, ड्रग्स, जूवेनाइल एवं जघन्य अपराधों से जुड़े मामलों की विशेष समीक्षा की गई तथा स्पीडी ट्रायल हेतु चिन्हित मामलों को प्राथमिकता देने को कहा गया।
पुलिस अधीक्षक ने सभी विधि पदाधिकारियों को गंभीर मामलों में न्यायालय से समन्वय स्थापित कर शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया एवं क्रिमिनल अपील से संबंधित वादों का अनुश्रवण सुनिश्चित करने को कहा। e-Prosecution Portal पर दैनिक प्रविष्टि एवं निष्पादित मामलों का समय पर अपडेट सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक में सरकारी अधिवक्ता, लोक अभियोजक, विशेष लोक अभियोजक, जिला अभियोजन पदाधिकारी एवं सहायक अभियोजन पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी को साक्ष्य के लिए लंबित मामलों की समीक्षा कर अनुसंधानकर्ता एवं गवाहों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।