प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के लाभार्थियों को राशि वितरण कार्यक्रम का हुआ सीधा प्रसारण


जहानाबाद
समाहरणालय, जहानाबाद स्थित सभा कक्ष में मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना (स्नातक उत्तीर्ण युवक/युवतियों हेतु) से संबंधित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। यह कार्यक्रम माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की उपस्थिति में आयोजित हुआ, जिसमें लाभार्थियों के खातों में सहायता राशि का ऑनलाइन अंतरण किया गया।
जहानाबाद जिले में आयोजित इस अवसर पर उप विकास आयुक्त डॉ. प्रीति की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अपर समाहर्ता श्री अनिल कुमार सिंह ,जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री राजीव कुमार, जिला योजना पदाधिकारी , जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला विकास पदाधिकारी, जिला निबंधन सह परामर्श केंद्र की प्रबंधक सहित कई विभागीय पदाधिकारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों द्वारा उत्साहपूर्वक माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय मुख्यमंत्री के उद्बोधन को सुना गया। लाभार्थियों ने इस योजना के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। जिले के युवाओं में इस योजना को लेकर उत्साह एवं खुशी की लहर देखी गई।
मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना राज्य सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम के तहत “आर्थिक हल, युवाओं को बल” संकल्प के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2016-17 से संचालित की जा रही है। इस योजना का शुभारंभ 2 अक्टूबर 2016 को किया गया था। इस योजना के तहत बिहार राज्य के 20 से 25 वर्ष के बेरोजगार युवक/युवतियाँ, जो न्यूनतम इंटरमीडिएट उत्तीर्ण हों, रोजगार की तलाश के दौरान ₹1000 प्रति माह की दर से अधिकतम दो वर्षों तक सहायता प्राप्त करते हैं।
वर्ष 2021-22 से 2025-26 तक सात निश्चय-2 के अंतर्गत योजना का विस्तार किया गया है। अब राज्य सरकार ने योजना का दायरा बढ़ाते हुए स्नातक उत्तीर्ण (कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय से) बेरोजगार युवक-युवतियों को भी लाभार्थी श्रेणी में शामिल किया है। ऐसे लाभुक जो किसी भी प्रकार का नियोजन, स्वरोजगार, छात्रवृत्ति या अन्य वित्तीय सहायता प्राप्त नहीं करते हैं और रोजगार की तलाश में हैं, उन्हें भी ₹1000 प्रतिमाह की सहायता अधिकतम दो वर्षों तक दी जाएगी।
इसके साथ ही लाभार्थियों को श्रम संसाधन विभाग, बिहार द्वारा निःशुल्क कौशल विकास प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा, जिससे वे रोजगार या स्वरोजगार हेतु अपनी क्षमताओं को और सशक्त बना सकें।
जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र, जहानाबाद के माध्यम से इस योजना का लाभ लेने के लिए जिले के पात्र युवक/युवतियाँ आवेदन कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 0611-4222211 एवं टोल फ्री नंबर 1800-3456-444 पर संपर्क किया जा सकता है।