पंचायत एवं प्रखंड स्तर पर सभी आरपीएस केंद्र रहे बंद

*”पंचायत से लेकर जिला स्तर तक लगभग 54 जनोपयोगी सेवाओं बन्द “*
*”सभी कार्यपालक सहायक एवं आईटी कार्यपालक सहायकों ने सरकार के दोरंगी नीति पर जताया आक्रोश”*
जहानाबाद
बिहार प्रशासनिक सुधार मिशन सोसाईटी (सामान्य प्रशासन बिहार पटना) द्वारा जहानाबाद जिले के विभिन्न विभागों में लगभग 15 वर्षों से संविदा पर नियोजित कार्यरत कार्यपालक सहायक एवं आईटी सहायक दिनांक 3 सितंबर एवं 4 सितंबर 2025 को सामूहिक अवकाश पर रहेंगे एवं उनकी मांगे अगर पूरी नहीं की जाती है तो 6 सितंबर 2025 से भूख हड़ताल पर चले जाएंगे जिसके कारण पंचायत से लेकर प्रखंड तक प्रखंड से लेकर जिला तक एवं जिला से लेकर प्रमंडल तक सभी सरकार के जन उपयोगी सेवाएं ठप हो जाएगी। अपनी 11 सूत्री मांगों के समर्थन में पटना गर्दनीबाग में धरना का आयोजन किया। धरना कार्यक्रम के बाद अपने हाथों में ई-गवर्नेस कार्य का उल्लेखित स्लोगन एवं पट्टी के माध्यम से सरकार की उपलब्धी को अवगत कराते हुए साथ कार्यपालक सहायकों ने शांति पूर्ण तरीके से धरना दिया ।
धरना को संबोधित करते हुए संघ के जिलाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री महोदय, बिहार के सपना को साकार करते हुए लगभग 15 वर्षों से पंचायत स्तर से लेकर सचिवालय स्तर तक संविदा पर नियोजत कार्यपालक सहायक सरकार की महत्वाकांक्षी योजनायें यथाः आर०टी०पी०एस०, लोक शिकायत, सेवा शिकायत, ग्राम स्वराज्य, पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या विवाह, जनगणना, निर्वाचन, राजस्व महा अभियान समेत लगभग 54 ई-गवर्नेस सेवा के जरीये नियत तय समय सीमा के अन्दर जनोपयोगी कार्य कर रहे हैं। फिर भी सरकार हमलोगों के साथ दोरंगी नीति अपना रही है। वहीं मिशन सोसाईटी द्वारा मानदेय पुनरीक्षण को लेकर बार-बार बैठक कर टाल-मटोल की नीति अपना रही है, जिससे कार्यपालक सहायकों में क्षोभव्याप्त है। अध्यक्ष ने कहा कि अगर सरकार इधर कुछ दिनों में हमलोगों के पक्ष में सकारात्मक कदम नहीं उठाती है तो आने वाले दिनों में हमलोग अनिश्चित कालीन हड़ताल करने को विवश होंगे। ऐसी स्थिति में जनोपयोगी सेवाओं को वाधित होने की जिम्मेवारी सरकार की होगी।
उक्त मौके पर संघ के अध्यक्ष के अलावे जिला सचिव अभिषेक पाठक, कोषाध्यक्ष अंशुमान कश्यप, जिला संयोजक राजेश कुमार, मिडीया प्रभारी रवीश कुमार सोनल समेत सैंकड़ों कार्यपालक सहायक उपस्थित थे।