पी०पी०पब्लिक स्कूल में अर्धवार्षिक परीक्षा परिणाम सह पेरेंट्स-टीचर मीटिंग सम्पन्न

जहानाबाद
स्थानीय प्रतिभा नगर अवस्थित प्रतिभा पल्लवन पब्लिक स्कूल, एरोड्राम में अर्धवार्षिक परीक्षा फल वितरण सह अभिभावक-शिक्षक बैठक (पेरेंट्स-टीचर मीटिंग) का आयोजन बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। बताते चलें कि विगत 8 सितंबर से 16 सितंबर तक के जीसे 10वीं तक के बच्चों की अर्धवार्षिक परीक्षा आयोजित की गई थी । परीक्षा परिणाम के अवसर पर विद्यालय परिसर में छात्र-छात्राओं के साथ उनके अभिभावकों की भी उपस्थिति रही । इस अवसर पर विद्यार्थियों को अर्धवार्षिक परीक्षा के प्राप्तांक पत्र वितरित किए गए तथा उनकी शैक्षणिक प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों के विषयवार प्रदर्शन की जानकारी दी और उन्हें घर पर पढ़ाई से जुड़ी उपयोगी टिप्स भी प्रदान किए।
अभिभावकों ने भी विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों एवं अनुशासन व्यवस्था पर अपने विचार रखे। इस अवसर पर उपस्थित पी०पी० शैक्षणिक समूह के चेयरमैन डॉ० अभिराम शर्मा ने कहा कि परीक्षा परिणाम केवल अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों की मेहनत और सीखने की दिशा का आईना है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को सकारात्मक वातावरण देने और विद्यालय के साथ मिलकर उनकी प्रतिभा को और निखारने का आह्वान किया।
