जन सुराज की सत्ता आयेगी तो रुकेगा बिहार से पलायन : डॉ. अभिराम


रतनी फरीदपुर प्रखंड की पंडौल पंचायत के ग्राम पोखवां ढिबरा पर बिहार बदलाव सभा आयोजित
सभा में मौजूद रहे हजारों
लोगों के बीच परिवार लाभ कार्ड का वितरण
जहानाबाद।
जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में रतनी फरीदपुर प्रखंड की पंडौल पंचायत के
ग्राम पोखवां ढिबरा में जन सुराज पार्टी की ‘बिहार बदलाव सभा’ आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए शिक्षाविद व जन सुराज पार्टी के प्रदेश कोर कमेटी सदस्य और जहानाबाद विधान सभा क्षेत्र के भावी प्रत्याशी डॉ. अभिराम शर्मा ने बिहार के नवनिर्माण को लेकर जन सुराज पार्टी के संकल्प को साझा किया।
बरसातजन्य गर्मी और उमस के बावजूद हजारों की संख्या में ग्रामीण सभा में उपस्थित हुए। पुरुषों से ज्यादा महिलाओं की भागीदारी देखी गई।
अपने संबोधन में डॉ. अभिराम शर्मा ने कहा कि जनता के आशीर्वाद से आगामी विधानसभा चुनाव में जन सुराज पार्टी बिहार की सत्ता में आएगी। सता में आते ही पार्टी सबसे पहले बिहार से पलायन रोकेगी। 10 से 15 हजार रुपए के रोजगार के लिए लोगों को दूसरे प्रदेशों में पलायन नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर उनके लिए रोजगार की व्यवस्था की जाएगी। पूंजी का पलायन भी रोका जायेगा। जरूरतमंद महिलाओं को स्वरोजगार के लिए बहुत कम ब्याज पर लोन उपलब्ध कराया जायेगा।
बता दें कि जन सुराज पार्टी की बिहार बदलाव सभा का उद्देश्य प्रदेश में सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक स्थिति में व्यापक परिवर्तन लाने के लिए लोगों को एकजुट करना और जन सुराज के उद्देश्यों को साझा करना है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि बिहार कई दशकों से कई प्रकार की चुनौतियों का सामना कर रहा है। खासकर बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की खामियां और लाखों लाख लोगों का दूसरे प्रदेशों में रोजगार के लिए पलायन, खेती की दुर्दशा जैसी समस्याओं पर दूसरे राजनीतिक दल चर्चा तक नहीं कर रहे। डॉ. शर्मा ने इन समस्याओं के लिए पिछले साढ़े तीन दशकों से बिहार की सत्ता में रही सरकारों को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि जन सुराज केवल सत्ता की राजनीति करने नहीं आई है, बल्कि यह पार्टी व्यवस्था परिवर्तन की हिमायती है। यह पार्टी जनता का सुन्दर राज लाना चाहती है। जन सुराज पार्टी बिहार के गौरव को पुनर्स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
डॉ. शर्मा ने स्थानीय समस्याओं पर भी खुलकर बात रखी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बिहार में बदलाव के लिए जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के हाथों को मजबूत करें और बिहार में होने वाले व्यवस्था परिवर्तन में भागीदार बनें।
बता दें कि जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के नेतृत्व में पार्टी पिछले तीन वर्षों से बिहार के गांवों में जन संवाद और बदलाव सभा के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रही है।
सभा को पंडौल पंचायत के मुखिया नंदकिशोर जी, औरंगाबाद जिले की पूर्व जिला पार्षद व जन सुराज की नेत्री चंद्रमणि देवी आदि ने संबोधित किया। सभा का संचालन राकेश कुमार ने किया।
सभा में हजारों लोगों के बीच परिवार लाभ कार्ड का वितरण किया गया। डॉ. अभिराम शर्मा ने महिलाओं को बताया कि जन सुराज पार्टी अगर इस बार के विधान सभा चुनाव में बिहार की सत्ता में आती है तो हर जरूरतमंद को इस परिवार लाभ कार्ड के माध्यम से प्रतिमाह बीस हजार रुपए तक की आर्थिक मदद पहुंचाई जाएगी।
सभा में नंद शर्मा, मोहन शर्मा, वाल्मीकि शर्मा, रामप्रवेश जी, मणि शर्मा, योगेन्द्र जी, आनंद शर्मा, कखौरा के रामविनय सिंह, आदि को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। सभा में पंडौल, कखौरा, हजामपुर, शंकर बिगहा, बिजलीपुर, पोखवां, मिश्रौलिया, नेदौली, अईरा आदि गांवों के लोग उपस्थित थे।