डीएवी पब्लिक स्कूल, जहानाबाद में वृक्षारोपण कार्यक्रम :आओ सेवा पर्व मनाएँ, एक पेड़ माँ के नाम लगाएँ

जहानाबाद। बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के सेवा पर्व अंतर्गत डीएवी पब्लिक स्कूल, जहानाबाद में शनिवार को एक पेड़ माँ के नाम वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य श्री के. के. पांडेय, वनपाल गुलशन कुमार और वनरक्षी पूनम कुमारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा विद्यालय के शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ भी इस अभियान का हिस्सा बने। इस अवसर पर प्राचार्य श्री पांडेय ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण को स्वच्छ रखने का माध्यम ही नहीं, बल्कि हमारे आने वाले भविष्य को सुरक्षित करने का सबसे सशक्त उपाय है। हमें पेड़ लगाकर उनकी देखभाल के लिए भी प्रतिबद्ध रहना चाहिए। यह अभियान पर्यावरणीय ज़िम्मेदारी और माताओं के प्रति भावभीनी श्रद्धांजलि को जोड़ने वाली एक अनूठी पहल है। वनपाल गुलशन कुमार ने बताया कि वन विभाग और विद्यालय के संयुक्त प्रयास से बच्चों और समाज में हरित चेतना का विस्तार होगा। वनरक्षी पूनम कुमारी ने पौधों की देखभाल के तकनीकी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को व्यावहारिक जानकारी दी और बताया कि नियमित सिंचाई एवं सुरक्षा से ही पौधे स्वस्थ वृक्ष बन सकते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पौधे लगाए गए और छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व से अवगत कराया गया। इस अवसर पर वन विभाग के कर्मी, शिक्षक एवं छात्र- छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की।
