अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित


जहानाबाद
आज शिक्षा विभाग, बिहार सरकार एवं जहानाबाद जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र वितरण समारोह का आयोजन समाहरणालय स्थित ग्राम प्लस भवन में किया गया।
इस अवसर पर माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्य हेतु 68 विद्यालय सहायक एवं 11 विद्यालय परिचारी को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी, श्रीमती अलंकृता पांडे ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष, श्री अजय देव उपस्थित रहे। साथ ही अनुकंपा चयन समिति के सदस्यगण जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, वरीय कोषागार पदाधिकारी एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद थे।
समारोह का शुभारंभ जिला पदाधिकारी द्वारा दीप प्रज्वलन से किया गया। तत्पश्चात जिला पदाधिकारी ने नियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए सभी से विभागीय नियमों के अनुरूप कार्य करने एवं शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने नियुक्त सभी कर्मियों को उनके नए दायित्व हेतु शुभकामनाएं भी दीं।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा जानकारी दी गई कि सभी नियुक्त कर्मियों को नियमों के अनुसार आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर सकें।
समिति के उपाध्यक्ष श्री अजय देव ने भी नियुक्त सभी विद्यालय सहायकों एवं परिचारियों को शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए प्रेरित किया कि वे शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक योगदान देकर विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में सहयोग करें।

