आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन-2025 हेतु Mobile Demonstration Van (MDV) का शुभारंभ

जहानाबाद
लोकतंत्र को और अधिक मजबूत व सहभागी बनाने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय ने समाहरणालय परिसर से 05 विशेष रूप से तैयार मोबाइल प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये वाहन जिले के सभी तीन विधानसभा क्षेत्रों –216 जहानाबाद, 217 घोसी और 218 मखदुमपुर में भ्रमण करेंगे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य मतदाताओं को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) एवं वोटर वेरीफाएबल पेपर ऑडिट ट्रेल (VVPAT) की कार्यप्रणाली से अवगत कराना है। इन वाहनों के जरिए मतदाता न केवल मशीनों को देख और समझ सकेंगे, बल्कि उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण (हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस) भी मिलेगा।
*मतदाता जागरूकता : पारदर्शिता और विश्वास की दिशा में कदम*
जिलाधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती तभी संभव है जब हर मतदाता निडर होकर मतदान करे और मतदान प्रक्रिया की तकनीक पर भरोसा करे। उन्होंने कहा कि EVM और VVPAT पूरी तरह से सुरक्षित प्रणाली है। जब लोग स्वयं इसका प्रयोग करके देखेंगे तो उनकी शंका दूर होगी और मतदान के दिन वे आत्मविश्वास से भरे रहेंगे।
*वाहनों की खासियतें*
प्रत्येक वाहन के साथ प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर की नियुक्ति की गई है।
दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है ताकि विधि-व्यवस्था बनी रहे।
वाहनों को बैनर, पोस्टर से सजाया गया है।
अभियान की पहुँच शहरी वार्डों से लेकर सुदूर ग्रामीण पंचायतों तक होगी।
*स्थायी प्रशिक्षण केंद्र भी उपलब्ध*
मोबाइल वाहनों के अलावा अनुमंडल कार्यालय परिसर में एक स्थायी EVM डेमोन्स्ट्रेशन सेंटर भी कार्यरत है। यहाँ कोई भी नागरिक कार्यालय समय में निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर सकता है और मतदान प्रक्रिया का अभ्यास कर सकता है।
*सतत निगरानी और नियंत्रण*
विधानसभा स्तर पर निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी गतिविधियों की निगरानी करेंगे।
प्रखंड स्तर पर सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी निगरानी करेंगे।
जिला स्तर पर समन्वय व रिपोर्टिंग की व्यवस्था निर्वाचन कार्यालय, समाहरणालय से की जाएगी।
*मतदाताओं की भागीदारी पर जोर*
यह व्यापक अभियान जिले में मतदान प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी, सुरक्षित एवं सहभागितापूर्ण बनाएगा। निश्चित ही इससे मतदाताओं का विश्वास बढ़ेगा और लोकतंत्र की जड़ें और गहरी होंगी। इस आयोजन में अपर समाहर्ता श्री अनिल कुमार सिन्हा, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पूनम कुमारी, अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री राहुल कुमार, नोडल पदाधिकारी स्वीप कोषांग एवं अन्य कर्मी उपस्थित थे।
