निर्वाचक सूची पुनरीक्षण को लेकर युक्तिकरण प्रक्रिया शुरू, तीनों विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्र बढ़े


जहानाबाद
निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (अर्हता तिथि: 01.07.2025) के अंतर्गत मतदान केंद्रों के युक्तिकरण के संबंध में आज दिनांक 30 जून 2025 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडे की अध्यक्षता में समाहरणालय, जहानाबाद में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में तीनों विधानसभा क्षेत्रों के युक्तिकरण से संबंधित प्रारूप सूची प्रस्तुत की गई। 216-जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र में पूर्व स्वीकृत 339 मतदान केंद्रों की संख्या युक्तिकरण उपरांत बढ़कर 375 हो गई है, जिसमें 36 नए मतदान केंद्र जोड़े गए हैं। इसी प्रकार 217-घोसी विधानसभा क्षेत्र में पूर्व स्वीकृत 296 मतदान केंद्रों की संख्या युक्तिकरण के बाद 328 हो गई है, जिसमें 32 नए केंद्र शामिल हैं। वहीं 218-मखदुमपुर (अ.जा.) विधानसभा क्षेत्र में 262 पूर्व स्वीकृत मतदान केंद्रों की संख्या युक्तिकरण उपरांत 305 हो गई है, जिसमें 43 नए मतदान केंद्र जोड़े गए हैं।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आज दिनांक 30 जून 2025 को मतदान केंद्रों की प्रारूप सूची प्रकाशित कर राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, विधायकों एवं सांसद प्रतिनिधियों के साथ साझा की गई है। साथ ही दावा और आपत्ति दर्ज करने की अवधि 30 जून से 06 जुलाई 2025 तक निर्धारित की गई है। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निपटारा संबंधित निर्वाची पदाधिकारी द्वारा 08 जुलाई 2025 तक कर लिया जाएगा, जिसकी सूचना जिला निर्वाचन पदाधिकारी को दी जाएगी। तत्पश्चात दिनांक 09 या 10 जुलाई 2025 को पुनः एक बैठक आयोजित कर सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अंतिम रूप से सूचित किया जाएगा।
इस बैठक में जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों के माननीय विधायक—श्री कुमार कृष्ण मोहन उर्फ सुदय यादव (216-जहानाबाद), श्री रामबली सिंह यादव (217-घोसी), तथा श्री सतीश कुमार (218-मखदुमपुर)—उपस्थित रहे। इनके अतिरिक्त अपर समाहर्ता सह निर्वाची पदाधिकारी श्री ब्रजेश कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पूनम कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी श्री राजीव रंजन सिन्हा, भूमि सुधार उप समाहर्ता सह निर्वाची पदाधिकारी श्रीमती अमु अमला, एवं अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री राहुल कुमार की उपस्थिति रही।
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों में प्रमुख रूप से श्री धर्मपाल सिंह (सांसद प्रतिनिधि), श्री जयप्रकाश केशरी (भारतीय जनता पार्टी), श्री जगदीश प्रसाद (सीपीआई-मार्क्सिस्ट), प्रो. भूषण कुमार सिंह (इंडियन नेशनल कांग्रेस), श्री रजनीश कुमार बिक (जदयू), श्री सबितानंद शर्मा (लोजपा), श्री महेश ठाकुर (राजद) एवं श्री हसनैन (सीपीआई-एमएल लिबरेशन) सहित अन्य प्रतिनिधिगण शामिल हुए।
