जनकल्याण की दिशा में ऐतिहासिक पहल: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा 125 यूनिट तक निःशुल्क बिजली योजना का स्वागत — प्रिंस

जहानाबाद
बिहार सरकार द्वारा 1 अगस्त 2025 से राज्य के सभी घरेलू उपभोक्ताओं को प्रति माह 125 यूनिट तक बिजली निःशुल्क देने का निर्णय ऐतिहासिक, जनहितैषी और दूरदर्शी कदम है। इस निर्णय का जदयू बिहार राज्य राजनैतिक सलाहकार समिति सदस्य निरंजन केशव प्रिंस ने हृदय से स्वागत किया है और मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी को इस साहसिक एवं संवेदनशील निर्णय के लिए बधाई और धन्यवाद दिया है।
प्रिंस ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि उनकी सरकार गरीब, मजदूर, किसान, और आम जनता की भलाई के लिए संकल्पित है। इस योजना से राज्य के 1.67 करोड़ घरेलू उपभोक्ताओं को सीधे तौर पर लाभ पहुंचेगा और लाखों परिवारों को महंगाई के इस दौर में आर्थिक राहत मिलेगी।
प्रिंस ने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी के नेतृत्व में एनडीए सरकार आगे भी इसी तरह जनहितैषी निर्णय लेकर बिहार को प्रगति और खुशहाली की राह पर निरंतर अग्रसर करती रहेगी। इस योजना के लिए जदयू नेता जदयू प्रखंड अध्यक्ष रणधीर पटेल, रामप्रवेश कुशवाहा,अश्विनी शर्मा, जदयू नेता मनोज चंद्रवंशी,धनंजय दास,मनोज पटेल, मनीष शर्मा,सुनील पांडेय,राजू निषाद सहित दर्जनों नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का धन्यवाद एवं आभार जताया।

